सिविल सर्जन सहित एक दर्जन से अधिक स्वास्थ्य अधिकारी व कर्मियों ने लगाया कोरोना का टीका
- संशय की कोई बात नहीं पूरी तरह सुरक्षित व संक्रमण से बचाव के लिहाज से महत्वपूर्ण है टीका: सीएस
- प्रथम चरण में टीकाकरण के लिये पंजीकृत सभी लोगों से निर्भीक होकर टीका लगाने की अपील
राष्ट्रनायक प्रतिनिधि।
अररिया (बिहार)। जिले में शनिवार को कुल 21 टीकाकरण सत्र स्थलों पर बड़ी संख्या में पंजीकृत लोगों ने कोरोना का टीका लगाया| डीएचएस अररिया में ही सिविल सर्जन सहित एक दर्जन से अधिक स्वास्थ्य अधिकारी व कर्मियों ने कोरोना का टीका लगाया| स्वास्थ्य अधिकारियों ने कहा कि कोरोना जैसे वैश्विक महामारी के खिलाफ टीकाकरण लोगों के लिये सुरक्षा कवच की तरह है| अपने परिवार की सेहत के साथ-साथ समाज व पूरे देश वासियों को इस वैश्विक महामारी से निजात दिलाने के लिये टीका लगाना हर एक देशवासियों की जिम्मेदारी है| शनिवार को कोरोना का टीका लगाने वालों में सिविल सर्जन डॉ रूपनारायण कुमार, एसीएमओ डॉ सीपी मंडल, डीआईओ डॉ मोईज, डीपीएम रेहान असरफ, सदर अस्पताल के अधीक्षक डॉ राजेश कुमार, डीएएम सनोज कुमार, यूएनडीपी के वीसीसीएम शकील आजम, सदर अस्पताल के नेत्र सहायक सुनील कुमार, लिपिक अनिल कुमार शर्मा, आशुतोष कुमार, शंभु कुमार साह, श्यामलाल रजक, अमरेंद्र कुमार साह, श्रीलाल साह, साहेब लाल किष्कु, मो इरफान, डीईओ राहुल झा, निर्मिल कुमार यादव, सुरेश दास सहित शामिल हैं|
वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित, कोई साइड इफैक्ट नहीं:
कोरोना का टीका लगाने के उपरांत सिविल सर्जन डॉ रूपनारायण कुमार ने कहा कि कोरोना का वैक्सीन पूरी तरह से सुरक्षित है| कोरोना संक्रमण से बचाव के लिहाज से ये बेहद उपयोगी है| देश के वैज्ञानिकों ने अपने अथक प्रयास से काफी कम समय में वैक्सीन के निर्माण में सफलता पायी है| जो काबिले तारिफ है| आम लोगों पर इसके प्रयोग की अनुमति दिये जाने से पूर्व इसे निर्धारित कई चरणों से गुजरना पड़ा है| अब तक टीका को लेकर कहीं से भी कोई शिकायत नहीं मिली है| लिहाजा टीका लगाने को लेकर लोगों के मन में व्याप्त तमाम तरह की शंकाएं व्यर्थ हैं | एसीएमओ डॉ सीपी मंडल ने कहा कि अपने व दूसरे की सुरक्षा के लिये वैक्सीन का पूरा डोज लेना जरूरी है| वैक्सीन का पहला डोज लेने के चार सप्ताह बाद इसी वैक्सीन का दूसरा डोज लेना निहायत जरूरी है| वैक्सीन के दूसरे डोज के 14 दिनों बाद यानि कुल 45 दिन बाद शरीर कोरोना वायरस से पूरी तरह लड़ने में सक्षम होता है| तब तक संक्रमण से बचाव संबंधी सभी तरह के उपायों पर अमल जरूरी है|
कोरोना के खिलाफ सुरक्षा कवच का काम करेगा टीका :
डीआईओ डॉ मोईज ने कहा कि इस वैश्विक महामारी के खिलाफ देश में संचालित टीकाकरण अभियान सुरक्षा कवच का काम करेगा| शुरुआती दौर में कुछ भ्रामक जानकारियों के कारण लोगों के मन में इसे लेकर जो भ्रम की स्थिति बनी थी| धीरे-धीरे अब वह दूर होने लगी है| बड़ी संख्या में पंजीकृत लोग टीकाकरण में अपनी रूचि दिखा रहे हैं| देश में बनी इस वैक्सीन को कई चरणों के ट्रायल से गुजरना पड़ा है| देश के वैज्ञानिक व विशेषज्ञों ने दिन रात मेहनत कर इसे तैयार किया है| गहरी छानबीन के बाद इसे सरकारी स्तर पर प्रयोग की अनुमति दी गयी है| लिहाजा इसे लेकर किसी तरह भ्रम व शंका व्यर्थ है|
10 फरवरी तक प्रथम चरण में चिह्नित लोगों को टीकाकृत किये जाने का लक्ष्य:
डीपीएम रेहान असरफ ने कहा कि जिले में संचालित कोरोना टीकाकरण अभियान में तेजी लाने के उद्देश्य से टीकाकरण सत्र स्थलों की संख्या बढ़ायी गयी है| जिले के सभी नौ प्रखंडों में टीकाकरण को लेकर समुचित इंतजाम किये गये हैं| प्रथम चरण में जिले के चिह्नित 9364 लोगों को टीकाकृत किये जाने का लक्ष्य निर्धारित है| इसमें स्वास्थ्य विभाग के 3900, आईसीडीएस के 8618 व निजी चिकित्सा संस्थानों के 746 लाभुक शामिल हैं| प्रथम चरण में चिह्नित लाभुकों को आगामी दस फरवरी तक टीकाकृत किये जाने को लेकर राज्य स्वास्थ्य समिति से जरूरी दिशा निर्देश प्राप्त है| इसके लिये एसएचएस ने सत्र स्थलों में वृद्धि का प्रस्ताव है| टीकाकरण में लोगों को सहूलियत प्रदान करने के लिये टीकाकरण सत्र स्थल की संख्या में वृद्धि की गयी है| इन्हीं सत्र स्थलों के माध्यम से चिह्नित लोगों को टीकाकृत किया जाना है|


More Stories
स्वचालित मौसम स्टेशनका किया गया शुभारंभ
मांझी पुलिस ने बरामद किया अंग्रेजी शराब
आवास विहीन परिवारों का मिलेगा आवास का लाभ, सर्वे का शुरू हुआ काम