ट्रक चालक ने 15 टन छड़ बेचा, तरैया के दुकानदार समेत चार व्यक्ति गिरफ्तार, चारों को भेजा गया जेल
- लावारिस स्थिति में ट्रक मशरख के बंगरा से बरामद, साढ़े 13 टन छड़ तरैया में एक दुकान से बरामद
- शिकायत के 24 घंटे के अंदर पुलिस ने किया मामले का उद्भेदन
तरैया/सारण। पटना से 15 टन छड़ लेकर चले ट्रक चालक द्वारा रास्ते में हीं ट्रक गायब कर दिए जाने के मामले का तरैया पुलिस ने 24 घंटे के अंदर उद्भेदन कर दिया है। तरैया थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि इस मामले में तरैया के एक दुकानदार समेत चार व्यक्ति गिरफ्तार किए गए हैं, जिसमें ट्रक चालक भी शामिल है। ट्रक चालक गोरखपुर निवासी राजेश कुमार सहनी के निशानदेही पर ट्रक को लावारिस स्थिति में मसरख के बांगरा से बरामद कर लिया गया है तथा तरैया के एक दुकान से साढ़े 13 टन छड़ भी बरामद कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि शाहनेवाजपुर निवासी व तरैया के हार्डवेयर दुकानदार नायक सिंह, पचभिण्डा निवासी संतोष सिंह, बेलहरी निवासी विवेक कुमार साह तथा ट्रक चालक गोरखपुर निवासी राजेश कुमार सहनी को गिरफ्तार कर छपरा जेल भेज दिया गया। बता दें इस संबंध में गोपालगंज जिले के कुचायकोट थाना के मठिया हरदो गांव निवासी व व्यवसायी शिवदयाल प्रसाद के पुत्र महेश प्रसाद ने 29 जनवरी को तरैया थाने में एक प्राथमिकी दर्ज किया था। दर्ज प्राथमिकी में कहा गया था कि उसका दुकान सत्यनाम हार्डवेयर नेचुआ जलालपुर में है। उसके दुकान और सिंह हार्डवेयर तरवारा के दुकान का कामधेनु छड़ जिसका वजन 15450 किलो कीमत ₹802765 रुपया था। पटना से न्यू दिल्ली हरियाणा रोडवेज पटना ट्रांसपोर्ट से भाड़े पर 25 जनवरी को चला था। 26 जनवरी को साढ़े नौ बजे ड्राइवर से बात हुई तो उसने बताया कि अभी हम तरैया में हैं रात तक पहुंच जाएंगे। दूसरे दिन जब गाड़ी नहीं पहुंची तो चालक से संपर्क साधा गया। परंतु उसका मोबाइल बंद बताने लगा। काफी खोजबीन करने के बाद भी जब उसका पता नहीं चला तो तरैया थाने को शिकायत किया गया। उसने शिकायत पत्र में लिखा था कि उन्हें विश्वास है कि ड्राइवर साजिश कर उनके सामान को अन्य लोगों से मिलकर गायब कर दिया है। शिकायत के आलोक में पुलिस त्वरित कार्रवाई करते हुए सामान को नायक सिंह के दुकान से बरामद कर लिया तथा इस मामले में संलिप्त चालक राजेश कुमार सहनी, नायक सिंह, संतोष सिंह व विवेक कुमार साह को गिरफ्तार कर लिया गया। साथ ही चालक के निशानदेही पर ट्रक को मसरख के बंगरा से लावारिस स्थिति में बरामद कर लिया गया है। इस प्रकार पुलिस की सक्रियता से इस मामले को 24 घंटे के अंदर उद्भेदन कर लिया गया है। जिसकी चौक चौराहों पर काफी चर्चा हो रही है।


More Stories
मुख्यमंत्री का अमर्यादित हरकत और शर्मनाक समर्थन
छपरा सदर प्रखंड के महाराजगंज पंचायत भवन में होगा विधिक जागरुकता शिविर का आयोजन
प्रत्येक गुरुवार को जिलाधिकारी उद्यमियों के साथ करेंगे संवाद, उनकी समस्याओं को दूर करने के लिये एवं उद्यम विकास के लिये किया जायेगा सक्रिय सहयोग