खाद्य सुरक्षा न होती तो कोरोना से ज्यादा भूख से मौतें होतीं: टुन्ना
- भाकियू ने केंद्र सरकार से मांगा किसानों के लिए 1.5 लाख करोड़ का पैकेज
- लॉक डाउन में सब्जियों और फल के किसानों को 80 प्रतिशत, फूल के किसान को 100 प्रतिशत, दूध के किसान को 50 प्रतिशत हुआ नुकसान
छपरा(सारण)। भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश प्रवक्ता प्रमोद सिंह टुन्ना ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र भेजकर अविलम्ब 1.5 लाख करोड़ का पैकेज देने सहित सात मांगें की हैं। उन्होंने कहा है कि लॉक डाउन के चलते सब्जियों और फल के किसानों को 80 प्रतिशत, फूल के किसान को 100 प्रतिशत, दूध के किसान को 50 प्रतिशत नुकसान हुआ है। इस संकट की घडी में भी किसान जान हथेली पर रखकर खेत में कार्य कर रहा है। आज किसानों के दम पर ही देश कोरोना से लड़ पा रहा है। अगर देश में खाद्य सुरक्षा न होती तो कोरोना से ज्यादा भूख से मौतें हो चुकी होती।
पत्र में उन्होंने कहा है कि कोविड-19 महामारी के चलते देश में लॉक डाउन करना पड़ा। देशहित में यह अच्छा कदम था। लेकिन, लॉक डाउन की घोषणा उस समय करनी पड़ी, जब किसान रबी की कटाई और खरीफ की बुवाई की तैयारी कर रहा था। असमय बारिश के कारण किसानों के फसलों की कटाई 15 दिन लेट हो चुकी थी। लॉक डाउन की घोषणा के बाद किसानों के फसलों की कटाई के लिए लेबर मिलना मुश्किल हो गया था। जिसके चलते किसानों के सामने भारी संकट खड़ा हो गया था। परिवहन के साधन बन्द होने के कारण किसानों की फल, सब्जी या तो खेत में सड़ गई थी या उनके भाव नहीं मिल रहे थे। जिसके चलते किसानों को अपनी फसलों को फेंकने या नष्ट किये जाने के अलावा कोई विकल्प नहीं था। देश के तमाम हिस्सों से टमाटर, लौकी, तुरई, खीरा, अंगूर, सन्तरा, लोकाट, लीची को फेंकने की खबरें आ रही हैं। जिसके चलते किसानों के पास खरीफ की बुवाई का संकट है। किसान असमंजस में है कि आखिर उनकी समस्या सुलझाने के लिए सरकार द्वारा आवश्यक कदम क्यों नहीं उठाए जा रहे हैं।
भाकियू की ये हैं मांगें
1. लॉक डाउन के तहत फल, सब्जी, दूध, पोल्ट्री, फिशरीज, मधुमक्खी पालक, फूल उत्पादक किसानों के नुकसान की भरपाई के लिए भारत सरकार द्वारा अविलम्ब 1.5 लाख करोड़ का पैकेज दिया जाए।
2. किसान सम्मान निधि का लाभ पहली किश्त की तरह सभी किसानों को दिया जाए। किसान सम्मान निधि की राशि को छह हजार रुपए से बढ़ाकर 24 हजार रुपए किया जाए।
3. किसानों की सभी तरह की फसलें कपास, गेहूं, चना, सरसों, सब्जियों की खरीद की जाए।
4. लम्बे समय से मौसम की मार झेल रहे किसानों को गेहूं पर 200 रुपए कुन्तल बोनस दिया जाए।
5. किसानों के सभी तरह के कर्ज के ब्याज पर एक साल की छूट व खरीफ की बुवाई में खाद, बीच की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
6. फल, सब्जी, फूल उत्पादक किसानों की फसली ऋण माफ किए जाएं।
7. देश में अन्न की आत्मनिर्भरता के साथ-साथ दलहन व खाद्य तेल में भी देश को आत्मनिर्भर बनाया जाए। कृषि आयात पर देश की निर्भरता को समाप्त करने के लिए खाद्य तेल और दलहन उत्पादन के लिए किसानों को प्रोत्साहित कर उनकी फसलों की सरकारी खरीद की जाए।


More Stories
मुफ्फसिल थानाध्यक्ष का रिश्वत मांगने का ऑडियो वायरल, एसपी ने किया निलंबित, लाइन हाजिर
11 मार्च 2025 को एक दिवसीय नियोजन कैम्प का होगा आयोजन
छपरा शहर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से जलनिकासी के लिये तैयार किये गये समेकित रूर्बन प्लान के विज़न डॉक्यूमेंट का डीएम ने किया विमोचन