राष्ट्रनायक न्यूज।
तरैया (सारण)। थाना क्षेत्र के बनिया हसनपुर गांव में मायके में परिजनों से मिलकर पत्नी द्वारा अपने पति की हत्या कर दिये जाने का मामला प्रकाश में आया है। इस संबंध में फरीदपुरा गांव निवासी पंकज के पिता सीता राम साह ने तरैया थाने में एक प्राथमिकी दर्ज कराई है। जिसमें कहा गया है कि उसके चौथे पुत्र 30 वर्षीय पंकज कुमार गुप्ता की शादी तरैया के बनिया हसनपुर निवासी रामजन्म साह की पुत्री मुन्नी देवी के साथ 2017 में हुई थी। शादी के कुछ दिन बाद पति पत्नी के बीच झंझट शुरू हो गया। पारिवारिक समझौते के बाद दोनों एक साथ इस शर्त पर बनिया हसनपुर में रहने लगे कि पंकज कुमार गुप्ता को अपने पत्नी के साथ उसके मायके में रहना होगा। इसके बाद दोनों पति-पत्नी बनिया हसनपुर में रहने लगे। कभी-कभी उनका पुत्र पंकज कुमार अपने माता पिता से मिलने घर आया करता था। आने के बाद बोलता था कि आप लोग मान मनौवल करा कर उसके साथ रहने के लिए बोल दिए मगर उसकी पत्नी मुन्नी देवी उस लायक नहीं है। वह किसी दूसरे आदमी के साथ प्रेम करती है। बावजूद इसके वे लोग अपने पुत्र को समझा-बुझाकर उसके ससुराल भेज देते थे। आगे उन्होंने कहा है कि दूसरे आदमी के प्रेम प्रसंग के चक्कर में पंकज कुमार गुप्ता की पत्नी मुन्नी देवी और पंकज के बीच में संबंध अच्छा नहीं रहता था। पंकज वहीं पर मजदूरी का काम करता था। गत 28 अगस्त को सूचना मिली की उनके पुत्र पंकज कुमार गुप्ता का ससुराल वालों ने कुछ लोगों से मिलकर उसकी हत्या कर दिया है और शव को गायब कर दिया है। सूचना पर फरिदपुरा गांव से कुछ लोग बनिया हसनपुर गए जहां हत्या की पुष्टि हुई। मृतक के पिता ने पंकज कुमार गुप्ता की पत्नी मुन्नी देवी, उसके सास, ससुर रामजन्म साह समेत कुछ अज्ञात लोगों को आरोपित किया है। पुलिस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच में जुट गई है।


More Stories
मुख्यमंत्री का अमर्यादित हरकत और शर्मनाक समर्थन
छपरा सदर प्रखंड के महाराजगंज पंचायत भवन में होगा विधिक जागरुकता शिविर का आयोजन
प्रत्येक गुरुवार को जिलाधिकारी उद्यमियों के साथ करेंगे संवाद, उनकी समस्याओं को दूर करने के लिये एवं उद्यम विकास के लिये किया जायेगा सक्रिय सहयोग