पंकज कुमार सिंह। राष्ट्रनायक न्यूज।
मशरक (सारण)। प्रशासन और सरकार के उदासीन रवैये से थक-हार कर प्रखंड मुख्यालय से एक किलोमीटर की दूरी पर बंगरा पंचायत के चरिहारा बंगाली घाट पर गुरुवार को घोघाड़ी नदी के उपर ग्रामीणों ने प्रखंड मुख्यालय आने जाने की दिक्कतों को देख एकजुट होकर आपसी सहयोग से चचरी पुल का निर्माण किया है, जिससे हजारों ग्रामीणों की आवागमन संबंधित परेशानी दूर हो गई है। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में चरिहारा होकर बांध सड़क और घोघाड़ी नदी पर पुल निर्माण के लिए उनलोगों ने कई बार माननीय सहित अधिकारियों से गुहार लगाई थी।लेकिन उनकी मांग को पूरा नहीं किया गया। नाराज ग्रामीणों ने क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों पर उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा कि आगामी लोकसभा व विधानसभा के चुनाव में हम सभी इस मुद्दे पर निर्वाचित जनप्रतिनिधि का बहिष्कार करेंगे।बता दें कि प्रखंड मुख्यालय से महज 1 किलोमीटर दूर हंसापीर गांव में जाने के लिए यह मार्ग सबसे सुगम और निकट हैं जिससे पानापुर थाना क्षेत्र के आधा दर्जन गांवों के भी लोगों का आना जाना होता है। वही यदि गांव से सड़क मार्ग से प्रखंड मुख्यालय या बाजार समेत रेलवे बस स्टैंड पर जाना हो तो आठ किलोमीटर की दूरी तय कर जाना पड़ता है वही घोघाड़ी नदी पर चचरी पुल से दूरी एक किलोमीटर की हो जाती है। बरसात के समय चचरी पुल के डूब जाने पर ग्रामीण रेलवे पुल पर जान जोखिम में डालकर आते जातें हैं जिसमें कई बार दुर्घटना हो चुकी है और जान भी चली गयी है। ग्रामीण अशोक राय अजनबी ने बताया कि आने जाने में लंबी दूरी की समस्या को देखते हुए ग्रामीणों के सहयोग से बास की चचरी पुल का निर्माण कराया गया जिससे आने जाने वालों को समय की बचत के साथ लंबी दूरी तय नही करनी पड़ेगी।



More Stories
मुख्यमंत्री का अमर्यादित हरकत और शर्मनाक समर्थन
छपरा सदर प्रखंड के महाराजगंज पंचायत भवन में होगा विधिक जागरुकता शिविर का आयोजन
प्रत्येक गुरुवार को जिलाधिकारी उद्यमियों के साथ करेंगे संवाद, उनकी समस्याओं को दूर करने के लिये एवं उद्यम विकास के लिये किया जायेगा सक्रिय सहयोग