मढ़ौरा(सारण)। अनुमंडल कार्यालय मढ़ौरा के परिसर में गुरुवार को इसुआपुर के प्रखंड प्रमुख तथा उप प्रमुख के लिए हुए चुनाव में सर्वसम्मति से प्रमुख तथा उप प्रमुख निर्विरोध चुने गए। प्रमुख पद पर रामचौरा पंचायत के पंचायत समिति सदस्य मितेंद्र प्रसाद यादव तीसरी बार प्रमुख की कुर्सी पर काबिज हुए। वहीं उप प्रमुख पद पर सामाजिक कार्यकर्ता डब्लू ओझा की धर्मपत्नी जैथर पंचायत की बीडीसी सदस्या मुन्नी देवी भी निर्विरोध चुनी गईं। विगत पंचायत चुनाव के परिणाम के बाद से ही प्रमुख पद पर प्रखंड के 19 पंचायत समिति सदस्यों में से कोई प्रबल दावेदार नहीं बन पाया था। जिससे अंततः सभी पंचायत समिति सदस्यों ने प्रखंड में एक मिशाल कायम करने का मन बना लिया था। एक सप्ताह पहले निवर्तमान प्रखंड प्रमुख मितेंद्र प्रसाद यादव के साथ सभी बीडीसी सदस्य उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में स्थित मां विंध्यवासिनी के दर्शन करने चले गए थे। जहां मां के दरबार में मत्था टेकने व अध्यात्म के साथ-साथ पिकनिक का भी आनंद ले रहे थे। समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलना मितेंद्र के स्वभाव की खासियत रही है।
मितेंद्र को राजनीति विरासत में मिली है
स्वभाव से धीर-गंभीर तथा खुशमिजाज मितेंद्र को राजनीति विरासत में मिली है। पिछले 60 वर्षों से यह परिवार प्रखंड तथा पंचायत के विभिन्न राजनीतिक पदों पर रहते हुए लोगों की सेवा करते आ रहा है। इनके पिता पूर्व मुखिया सकलदेव राय 40 वर्षों तक लगातार मुखिया रहे हैं। वहीं माता पूर्व मुखिया मानमातो देवी 10 वर्षों तक रामचौरा पंचायत के मुखिया रहीं हैं। वहीं इनकी भाभी बसंती देवी भी वर्तमान में पंचायत समिति सदस्या हैं। वर्तमान प्रखंड प्रमुख मितेंद्र पिछले दो टर्म से इसुआपुर के प्रखंड प्रमुख रहते हुए प्रखंड की राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। आसन्न चुनाव में भी निर्विरोध जीत दर्ज कर तीसरी बार प्रखंड प्रमुख की कुर्सी पर अपना दबदबा बरकरार रखने में कामयाब रहे।


More Stories
मुफ्फसिल थानाध्यक्ष का रिश्वत मांगने का ऑडियो वायरल, एसपी ने किया निलंबित, लाइन हाजिर
11 मार्च 2025 को एक दिवसीय नियोजन कैम्प का होगा आयोजन
छपरा शहर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से जलनिकासी के लिये तैयार किये गये समेकित रूर्बन प्लान के विज़न डॉक्यूमेंट का डीएम ने किया विमोचन