राष्ट्रनायक न्यूज।
दिघवारा/सारण (मनिंद्र नाथ सिंह मुन्ना)। सोनपुर में आज मंडल संसदीय समिति की बैठक सोनपुर में रेल प्रबंधक के सभागार में संपन्न हुई सारण सांसद राजीव प्रताप रुडी की अध्यक्षता हुई। इस बैठक में पूर्व मध्य रेल के सोनपुर मंडल के क्षेत्राधिकार में पड़ने वाले 13 सांसदों में से वैशाली सांसद वीणा देवी, मुजफ्फरपुर सांसद अजय निषाद, खगड़िया सांसद महबुब अली कैसर, समस्तीपुर सांसद प्रिंस राज, राज्यसभा सांसद रामनाथ ठाकुर के साथ सोनपुर विधायक रामानुज प्रसाद और अमनौर विधायक मंटू सिंह भी उपस्थित थे। उच्चाधिकारियों के साथ इस बैठक में जो सांसद उपस्थित नहीं हुए उनके प्रतिनिधि बैठक में शामिल हुए। यह बैठक तीन घंटे तक चली। बैठक में कई लंबित मामलों पर सांसदों ने असंतोष व्यक्त किया जिनपर पिछली बैठक पर चर्चा हुई और उन परियोजनाओं को पूरा करना था। अपूर्ण परियोजनाओं के संदर्भ में समिति के अध्यक्ष रुडी ने रेलवे अधिकारियों को कई निर्देश दिये और समय पर काम पूरा करने को कहा।
सांसद रुडी ने कहा कि इस समिति की अगली बैठक अप्रैल माह में होगी जिसके तिथि की घोषणा बाद में की जायेगी। इस बैठक में हुए निर्णयों के आधार पर प्रगति प्रतिवेदन भी अगली बैठक में रखा जायेगा और उसकी समीक्षा होगी। बैठक में सभी की सहमति से केंद्रीकृत प्रणाली से जुड़े सीसीटीवी कैमरा का नेटवर्क सोनपुर मंडल के अंतर्गत पड़ने वाले सभी स्टेशनों पर लगाये जाने का निर्णय भी हुआ जिसे सभी सांसद अपने मोबाइल या आइपैड पर देख सकेंगे और उसकी समीक्षा कर सकेंगे। सांसद ने कहा कि कोविड महामारी के दौरान देश में कई ट्रेनों के संचालन को स्थगित किया गया था तो कई ट्रेनों को सीमित दूरी तक चलाया जा रहा था। इसी के अंतर्गत सोनपुर मंडल के अंतर्गत चलने वाली कई ट्रेनों को भी स्थगित या सीमित किया गया। इसके लिए यह निर्णय लिया गया कि अधिकारियों के साथ गाड़ियों की समीक्षा सांसद करेंगे और ऐसी ट्रेनों को शीघ्र ही पुनः बहाल किया जायेगा। सांसदों ने इस बात पर गहरा असंतोष व्यक्त किया कि टिकट व अन्य माध्यम से अत्यंत कम राजस्व जहां रेलवे को मिलता है वैसे छोटे स्टेशन पर भी गाड़ियों का ठहराव है परन्तु अधिक आमदनी देने वाले कई स्टेशनों से ट्रेने पार कर जाती है वहां उनका अधिकृत ठहराव नहीं है। समिति के अध्यक्ष रुडी ने कहा कि ऐसे स्टेशनों पर गाड़ियों का ठहराव सुनिश्चित कराना उचित है।
रेलवे अधिकारियों के सामने रेलवे के कस्टमर केयर नंबर 139 की विफलता को सांसद रुडी ने व्यावहारिक रूप से प्रदर्शित कर दिखाया। इससे वहां उपस्थित तमाम उच्चाधिकारी हतप्रभ रह गये और तब सांसद रुडी ने कस्टमर केयर का नं कई बार डायल किया पर किसी भी टेली कॉलर से यह न तो कनेक्ट हुआ और न ही कोई प्रत्युत्तर आया जबकि, फोन से कॉल का रेट 2 रूपया कट भी गया। इस प्रकार सांसद रुडी ने यह प्रदर्शित किया कि इसी प्रकार आम यात्री कॉल करते है उसका पैसा भी फोन से कट जाता है और उनकी समस्या का भी समाधान नहीं हो पाता है।


More Stories
मुख्यमंत्री का अमर्यादित हरकत और शर्मनाक समर्थन
छपरा सदर प्रखंड के महाराजगंज पंचायत भवन में होगा विधिक जागरुकता शिविर का आयोजन
प्रत्येक गुरुवार को जिलाधिकारी उद्यमियों के साथ करेंगे संवाद, उनकी समस्याओं को दूर करने के लिये एवं उद्यम विकास के लिये किया जायेगा सक्रिय सहयोग