राष्ट्रनायक न्यूज

Rashtranayaknews.com is a Hindi news website. Which publishes news related to different categories of sections of society such as local news, politics, health, sports, crime, national, entertainment, technology. The news published in Rashtranayak News.com is the personal opinion of the content writer. The author has full responsibility for disputes related to the facts given in the published news or material. The editor, publisher, manager, board of directors and editors will not be responsible for this. Settlement of any dispute

सघन इन्द्रधनुष 4.0 अभियान की  हुई शुरुआत,  बच्चों व गर्भवती महिलाओं को  दिया जायेगा टीका

  • डीआईओ ने किया अभियान का शुभारंभ
  • 12535 बच्चों व 2628 गर्भवती महिलाओं को टिका लगाने का लक्ष्य

राष्ट्रनायक न्यूज।

छपरा (सारण)। सघन मिशन इंद्रधनुष 4.0 कार्यक्रम के तहत टीकाकरण के शत प्रतिशत आच्छादन की प्राप्ति को लेकर  जिले के सभी प्रखंडों में  गर्भवती महिलाओं एवं  जन्म से पांच वर्ष तक के बच्चों का विभिन्न जानलेवा बीमारियों से बचाव हेतु निःशुल्क टीकाकरण किया जाना है। जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ चन्देश्वर सिंह ने शहर के वार्ड संख्या 24 स्थित हरिजन बस्ती में बच्ची को पोलियो की खुराक पिलाकर किया। जिले में  12535 बच्चों और 2628 गर्भवती महिलाओं को टीका लगाने का लक्ष्य रखा गया है। डीआईओ  ने बताया मिशन इंद्रधनुष से बच्चों में होने वाली 7 प्रमुख बीमारियों तपेदिक, पोलियोमाइलाइटिस, हेपेटाइटिस बी, डिप्थीरिया, पर्टुसिस, टेटनस और खसरा का खतरा कम होगा। इसमें खसरा रूबेला, रोटावायरस, हिमोफिलस इन्फ्लूएंजा टाइप-बी और पोलियो के खिलाफ टीकों को शामिल करने के बाद इन टीकों की संख्या 12 हो गई है।अभियान की सफलता के लिये चिह्नित सत्र स्थानों पर घर- घर घूमकर गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों का सर्वे कर लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसे लेकर संबंधित सभी चिकित्सा पदाधिकारियों, स्वास्थ्य कर्मियों, आंगनबाड़ी,  आशा, एएन्एम का प्रशिक्षण पूरा कर लिया गया है।

नियमित टीकाकरण से वंचित लाभार्थियों को दिया जाएगा टीका:

डीआईओ डॉ चन्देश्वर  सिंह ने बताया कि सत्र के निर्धारण में कम आच्छादन वाले टीकाकरण सत्र व ऐसे जगहों को चिह्नित किया गया जहां बीते छह माह के दौरान कम से कम दो बार नियमित टीकाकरण सत्र संचालित नहीं हो सके हैं। ईंट भट्ठा, दूर-दराज के ग्रामीण इलाके, मलिन बस्तियां सहित अन्य स्थानों पर सत्र संचालन को प्राथमिकता दी गयी है। इस अभियान में अन्य विभागों का  भी सहयोग लिया जाएगा। साथ ही जिला स्तरीय स्वास्थ्य विभाग सहयोगी संस्थाओं के पदाधिकारियों के बीच प्रखंडों का विभाजन कर सघन अनुश्रवण एवं पर्यवेक्षण का दायित्व दिया गया है । अभियान की सफलता के लिये सभी प्रखंडों में प्रशिक्षित कर कार्य योजना एवं कम्युनिकेशन प्लान तैयार की गई है। प्रत्येक कार्य दिवस को संध्याकालीन बैठक कर कार्य प्रगति की समीक्षा की जाएगी। सेशनवार सभी जरूरी लॉजिस्टिक की उपलब्धता सुनिश्चित कराने व टीकाकरण सत्रों की साज-सज्जा को लेकर संबंधित अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिये गये हैं। कार्यक्रम में डब्ल्यूएचओ के एसएमओ डॉ रंजितेश कुमार, यूनिसेफ आरती त्रिपाठी, भीसीसीएम, बीएचएम, सीडीपीओ समेत अन्य मौजूद थे।

जागरूकता को ले चलाया जा रहा अभियान:

यूनिसेफ एसएमसी आरती त्रिपाठी ने बताया कि जनसाधारण को अभियान के प्रति जागरूक करने हेतु विशेष संचार योजना बनायी गयी है । साथ ही विभिन्न प्रचार माध्यमों का सहयोग लिया जा रहा है । गाँव से जिला स्तर पर लगातार लोगों को जागरूक करने हेतु प्रचार प्रसार की गतिविधियाँ सतत जारी है।  उन्होंने बताया कि हर हालत में सर्वे रजिस्टर एंव ड्यू लिस्ट सभी सभी सत्रो पर शत-प्रतिशत अद्यतन होना चाहिए। बताया गया कि शत प्रतिशत बच्चे एवं गर्भवती का टीकाकरण कराया जाएगा।

नियमित टीकाकरण को बढ़ावा देना अभियान का उद्देश्य :

डॉ रंजितेश कुमार  ने बताया कि वैश्विक महामारी के इस दौर में नियमित टीकाकरण की प्रक्रिया प्रभावित हुई है। इसमें सुधार के लिये विशेष प्रयास की जरूरत है। उन्होंने बताया कि नियमित टीकाकरण कार्यक्रम के तहत टीकाकरण से वंचित दो वर्ष तक के सभी बच्चों व सभी गर्भवती महिलाओं तक टीकाकरण की पहुंच सुनिश्चित कराना मिशन इंद्रधनुष कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य है।उन्होंने बताया कि मिशन इन्द्रधनुष का दूसरा चरण 04 अप्रैल व तीसरा चरण 02 मई से शुरू होगा। 02 वर्ष उम्र तक के बच्चे व गर्भवती महिलाओं को  मिशन इंद्रधनुष अभियान के तहत 100  फीसद तक ले जाने का प्रयास किया जायेगा।