संजय कुमार सिंह। राष्ट्रनायक न्यूज।
बनियापुर (सारण)। मुख्य बाजार बनियापुर तीन मुहनी के समीप अनियंत्रित ट्रक के चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत घटना स्थल पर ही हो गई। घटना शुक्रवार की शाम चार बजे की बताई जाती है। मृत युवक प्रखंड मुख्यालय से सटे सतुआ गांव के नागेन्द्र प्रसाद व्याहुत का एकलौता पुत्र 21 वर्षीय अभिषेक कुमार है। घटना के संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार युवक मढ़ौरा से आईटीआई की परीक्षा देकर घर लौट रहा था। इस बीच बनियापुर मुख्य बाजार पर ट्रक के चपेट में आ गया।प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बनियापुर पुल की ओर से ट्रक ब्लॉक की तरफ जा रहा था। जो काफी तेज गति में था। जबकि बाइक सवार युवक ट्रक से आगे चल रहा था। इस बीच ओवरटेक करने के चक्कर मे ट्रक चालक अनियंत्रित होकर पीछे से बाइक सवार को रौंद दिया।जहाँ बाइक सवार युवक की घटना स्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। जबकि बाइक बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया।बताया जाता है कि बाइक पर एक अन्य युवक भी पीछे बैठा था। जो कूदकर भाग गया और उसकी जान बाल- बाल बच गई। इधर घटना की सूचना मिलते ही सैकड़ो लोगों की भीड़ घटना स्थल प उमड़ पड़ी। इस ह्रदय विदारक घटना को देख सभी लोगों की आंखे नम हो गई। मौके पर पहुँची पुलिस ने आनन-फानन में शव को एक पिकप गाड़ी पर लादकर पोस्टमार्टम के लिये भेज ही रही थी। तबतक लोगों ने शव को उतारकर बीच सड़क पर रख दिया।

आक्रोशित लोगों ने एनएच 331 को जाम कर किया आगजनी
घटना से आक्रोशित लोगों ने बांस-बल्ला लगाकर एनएच 331 को जाम कर कई जगहों पर आगजनी कर दिया। जिससे आवागमन पूर्णतः ठप्प हो गया। इस बीच सड़क की दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। जिससे यात्रियों को अपने गंतब्य तक जाने में काफी परेशानी झेलनी पड़ी। वहीं कई आवश्यक कार्य के लिये बनियापुर पहुँचे दर्जनों लोगों को बैरंग वापस लौटना पड़ा। घटना के बाद स्थिति की भयावहता को देखते हुए घटना स्थल के समीप की दर्जनों दुकानदार अपनी दुकान बंद कर घर चले गए। घटना की सूचना पर बीडीओ कर्पूरी ठाकुर, अंचलाधिकारी स्वामीनाथ राम एवं थानाध्यक्ष अमितेश पुलिस बल के साथ पहुँच लोगों को काफी समझाने बुझाने का प्रयास किये।मगर आक्रोशित लोग कुछ भी सुनने को तैयार नहीं थे। इस बीच मुख्य बाजार बनियापुर से लेकर थाना परिसर तक अफरा- तफरी का माहौल कायम रहा। सड़क जाम दो घंटे तक रहा। जिसके बाद मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा एवं ट्रक चालक पर विधि सम्मत करवाई की बात कहते हुए प्रशासन ने आक्रोशित लोगों को समझा- बुझाकर सड़क जाम समाप्त करवाया एवं शव को अपने कब्जे में ले पोस्टमार्टम के लिये सदर अस्पताल छपरा भेज दिया। बीडीओ कर्पूरी ठाकुर ने बताया कि पारिवारिक लाभ योजना के तहत तत्काल बीस हजार रुपये और आपदा विभाग की ओर से सड़क दुर्घटना में मिलने वाली पांच लाख रुपये परिजनों को दिलाने के लिये आवश्यक कारवाई पूरी की जा रही है।
परिजनों की चीख-पुकार से माहौल हुआ गमगीन
परीक्षा देकर घर लौट रहे युवक की सड़क दुर्घटना में मौत की सूचना जैसे ही परिजनों को मिली। माता पिता सहित गांव के सैकड़ो लोग मुख्य बाजार पर पहुँच गए। जहाँ माता- पिता एवं परिवार के अन्य सदस्यों के चीख- पुकार से माहौल गमगीन हो गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि मृत युवक अपने माता- पिता का इकलौता पुत्र था। हालांकि युवक को दो बहनें भी है। जिनकी अभी शादी नहीं हुई है। पुत्र को बड़े अरमानों के साथ परिवार वालो ने पाल पोस कर बड़ा किया था। साथ ही तकनीकी शिक्षा दिलाकर उसे अपने पैरों पर खड़ा करने के लिये प्रयासरत थे। इस बीच नियति ने सारा खेल बिगाड़ कर रख दिया और सड़क दुर्घटना में युवक की मौत हो गई।घटना के बाद परिजनों को सहसा भरोसा ही नहीं हो रहा था, कि जो लड़का सुबह में परीक्षा देने के लिये घर से निकला था। वह अब इस दुनिया में नहीं रहा। युवक की मौत की खबर से माता- पिता काफी सदमे में दिखे। जबकि आसपास के लोग एवं ग्रामीण भी घटना से काफी स्तब्ध है।



More Stories
मुख्यमंत्री का अमर्यादित हरकत और शर्मनाक समर्थन
छपरा सदर प्रखंड के महाराजगंज पंचायत भवन में होगा विधिक जागरुकता शिविर का आयोजन
प्रत्येक गुरुवार को जिलाधिकारी उद्यमियों के साथ करेंगे संवाद, उनकी समस्याओं को दूर करने के लिये एवं उद्यम विकास के लिये किया जायेगा सक्रिय सहयोग