लेजुआर गांव में पुराना मकान धसने कर गिड़ने से ईंट में दब कर महिला, पुरुष व बच्चे समेत करीब एक दर्जन लोग घायल
संजीव कुमार सिंह। राष्ट्रनायक प्रतिनिधि।
मांझी (सारण)। दाउदपुर थाना क्षेत्र के लेजुआर गांव में रविवार की अहले सुबह एक पुराना मकान धराशायी हो गया। जिससे दीवार की ईंट में दब कर महिला, पुरुष व बच्चे समेत करीब एक दर्जन लोग घायल हो गए। घायलों में दो बच्चियों की स्थिति गम्भीर बताई जाती है। जिन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल छपरा में भर्ती कराया गया है। जबकि अन्य घायलों का इलाज एकमा प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र व दाउदपुर में चल रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार लेजुआर निवासी स्वतंत्रता सेनानी स्व. रामायण शर्मा का मकान काफी जर्जर हो चुका है। जिसमें स्व. शर्मा के पांचों बेटे अपने परिवार के साथ रहते हैं। रविवार की सुबह परिवार के कुछ लोगों की हीं अभी नींद खुली थी। तभी मकान के एक हिस्से की 25 इंच की ईंट की दीवार छत समेत भरभरा कर गिर पड़ी। जिसके चपेट में बच्चे व महिलाओं समेत परिवार के एक दर्जन लोग आ गए। मकान गिरने की तेज आवाज को सुन कर देखते हीं देखते मुहल्ले के बहुत से लोग इकट्ठा होकर बचाव-कार्य में जुट गए। धीरे-धीरे मलबे को हटा कर दबे घायल लोगों को बाहर निकाला गया। संयोग अच्छा था कि इतनी बड़ी घटना होने के बाद भी कोई हताहत नही हुआ। घटना के बाद सभी घायलों को विभिन्न जगहों पर ले जाकर इलाज के लिए भर्ती कराया गया। गम्भीर रूप घायल आँचल कुमारी व प्रियंका कुमारी को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए छपरा में भर्ती कराया गया है। अन्य घायलों में सीता देवी, गीता देवी, मोहिनी कुमारी, चंचल कुमारी, ओंकार शर्मा, युवराज कुमार आदि शामिल हैं।


More Stories
मुख्यमंत्री का अमर्यादित हरकत और शर्मनाक समर्थन
छपरा सदर प्रखंड के महाराजगंज पंचायत भवन में होगा विधिक जागरुकता शिविर का आयोजन
प्रत्येक गुरुवार को जिलाधिकारी उद्यमियों के साथ करेंगे संवाद, उनकी समस्याओं को दूर करने के लिये एवं उद्यम विकास के लिये किया जायेगा सक्रिय सहयोग