- आक्रोशित ग्रामीणों ने किया एकमा-परसागढ़ सड़क जाम
राष्ट्रनायक न्यूज।
छपरा (सारण)। जिले के एकमा थाना क्षेत्र के परसागढ़ दक्षिणी पंचायत के एकड़ीपुर गांव के एक युवक की चाकू से गोदकर उसके ही कुछ सहपाठियों द्वारा हत्या कर देने की वारदात सामने आयी है। युवक का शव शनिवार की सुबह रीड गांव के बगीचे से बरामद हुआ है। इसके बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई। वहीं सूचना पाकर एकमा थाने की पुलिस ने मौके से युवक के शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल पहुंचाया। दोपहर बाद शव का अंत्यपरीक्षण कराकर परिजनों को पुलिस के द्वारा सौंप दिया गया। वहीं वारदात से नाराज परिजनों और ग्रामीणों के द्वारा एकमा-सहाजितपुर सड़क को एकड़ीपुर गांव के सामने सड़क पर शव को रखकर के यातायात अवरुद्ध कर दिया गया। इसकी जानकारी पाकर मौके पर एकमा के प्रभारी थानाध्यक्ष लाली प्रसाद, रसूलपुर थानाध्यक्ष रामचंद्र तिवारी सहित दाउदपुर और आसपास के थानों के पुलिस बल के अलावा एसडीपीओ सदर एमपी सिंह, एसआईटी के राजेश कुमार चौधरी, एकमा बीडीओ डॉ सत्येंद्र पाराशर के अलावा एकमा विधायक श्रीकांत यादव, मुखिया प्रतिनिधि श्याम किशोर तिवारी आदि मौके पर पहुंच सड़क जाम कर रहे परिजनों और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर सड़क यातायात को सामान्य कराने और शव का अंतिम संस्कार कराने का प्रयास करते रहे। लेकिन देर शाम तक परिजनों द्वारा अपराधियों की गिरफ्तारी करने और एसपी अथवा डीएम को मौके पर बुलाए जाने की मांग पर अड़े रहे। पुलिस अधिकारियों को भी क्षेत्र में बढ़ रही अपराध की घटनाओं को लेकर ग्रामीणों की नाराजगी से दो-चार होना पड़ा। देर रात में ग्रामीणों द्वारा सड़क जाम हटाने के बाद यातायात सामान्य होने की खबर मिली है।
मामले में मृतक की माता फूलपति देवी के द्वारा एकमा थाने में अंशु कुमार, शिवम कुमार, सिकंदर सिंह उर्फ बंटी सिंह, रंगीला अंसारी, अरविंद सिंह, मनोज साह सहित छह लोगों के विरुद्ध नामजद प्राथमिकी दर्ज करने हेतु आवेदन दिया गया है। मौके पर पहुंचे सदर एसडीपीओ एमपी सिंह ने बताया कि दिए गए आवेदन के आधार पर छह आरोपियों के विरुद्ध हत्या की नामजद प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की छानबीन करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अपनी कार्रवाई में जुट गई है।
ग्रामीणों व पीड़ित पक्ष के अनुसार बताया गया है कि एकमा थाना क्षेत्र के परसागढ़ दक्षिणी पंचायत के एकड़ीपुर गांव निवासी सुरेश महतो का पुत्र सूरज कुमार महतो (19) चैती छठ के अवसर पर कोलकाता से अपने गांव आया था। बताया गया है कि वह कोलकाता में रहकर अपने परिवार का भरण पोषण करने के लिए मेहनत-मजदूरी का कोई काम करता था। शुक्रवार की शाम सूरज कुमार महतो को गांव के ही उसके कुछ सहपाठियों ने घर से बुलाकर गांव के बाहर हाई स्कूल में ले गए। जहां उनके बीच खाने पीने की कोई पार्टी की गई। इस दौरान उनके बीच कोई विवाद हो गया। जिसके बाद चाकूबाजी की घटना हो गई। वहीं वारदात के दौरान कुछ लोगों द्वारा घायल सूरज कुमार महतो को उपचार के लिए एकमा बाजार स्थित एक निजी अस्पताल में पहुंचाया गया। जहां पहुंचने के बाद निजी अस्पताल के चिकित्सक द्वारा उक्त घायल युवक को मृत घोषित कर दिया गया। इसके बाद शुक्रवार की देर शाम उस युवक के शव को उसके गांव नहीं लाकर कहीं छुपा दिया गया और वारदात में शामिल लोग मौके से गायब हो गए। हत्या की आशंका को लेकर पूरी रात परिजन आशंकित रहे।
वहीं इस बीच शनिवार की सुबह परिजनों को पड़ोसी रीठ गांव के बगीचे में युवक का शव बरामद होने की सूचना मिली। जिसके बाद पुलिस को इसकी सूचना दी गई। पुलिस द्वारा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। इस बीच पटना नर्सिंग होम में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के आधार पर दिखे वाहन नंबर के आधार पर युवक की हत्या में शामिल लोगों के विरुद्ध पीड़ित पक्ष द्वारा नाराजगी जताते हुए छह लोगों के विरुद्ध मृतक की मात द्वारा हत्या की नामजद आवेदन एकमा थाने में दिया गया। जिसके बाद परिजनों व ग्रामीणों द्वारा एकमा-परसागढ़-सहाजितपुर सड़क पर शव रखकर सड़क मार्ग को अवरुद्ध कर दिया गया।
परसागढ़ दक्षिणी पंचायत के पूर्व मुखिया प्रतिनिधि अनिल सिंह उर्फ टाईगर सिंह के पुत्र पर हत्या का आरोप लगाते हुए पीड़ित पक्ष के आक्रोशित लोगों द्वारा एकजुट होकर उनके घर पर शनिवार की दोपहर में हमला बोला गया। इस दौरान पथराव की गई। साथ ही बाइक और घर के बाहर फर्नीचर को तोड़-फोड़ कर आग के हवाले कर दिया गया। पुलिस को सूचना मिलने पर दमकल वाहन भेजकर आग पर काबू पाया गया।



More Stories
मुख्यमंत्री का अमर्यादित हरकत और शर्मनाक समर्थन
छपरा सदर प्रखंड के महाराजगंज पंचायत भवन में होगा विधिक जागरुकता शिविर का आयोजन
प्रत्येक गुरुवार को जिलाधिकारी उद्यमियों के साथ करेंगे संवाद, उनकी समस्याओं को दूर करने के लिये एवं उद्यम विकास के लिये किया जायेगा सक्रिय सहयोग