संजीव शर्मा। राष्ट्रनायक न्यूज।
मांझी (सारण)। बीती रात मांझी थाना क्षेत्र के गढ़ बाजार में आई बारात में नर्तकी को इनाम देने की होड़ में बाराती व घराती आपस में भिड़ गए तथा जमकर मारपीट हुई। मारपीट में दोनों पक्षों के करीब आधा दर्जन लोग चोटिल हो गए। बाद में हालात को बेकाबू होता देख शादी की रस्म को अधूरा छोड़ दूल्हा समेत बाराती बिना भोज खाये ही जनवासा छोड़कर भाग निकले। इससे पहले द्वार पूजा जयमाला तथा कन्या निरीक्षण का रस्म सकुशल सम्पन्न हो गया। लेकिन सिंदूर दान की रस्म से पूर्व दोनों पक्षों के अतिउत्साही युवक नर्तकी को नजराना देने की होड़ में आपस में भिड़ गए और मार पीट शुरू हो गई। मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार की शाम विश्वकर्मा महतो की पुत्री से शादी हेतु ताजपुर फुलवरिया निवासी विजय महतो के पुत्र रमेश कुमार की बारात बैंड बाजे के साथ सज धज कर आई थी। बाराती व घराती जनवासे में आर्केष्ट्रा का लुत्फ उठाने में मशगूल थे तभी देर रात्रि अचानक मारपीट से उतपन्न अफरा तफरी के बाद रात में ही भागे बारातियों से वधु पक्ष के नाते रिश्तेदारों द्वारा मान मनौवल का भी प्रयास किया गया। बावजूद इसके सफलता नही मिली। शादी की रस्म पूरी नही हो पाने से परेशान वधु पक्ष के लोगों नें बुधवार को तड़के मांझी में संचालित अनुभव जिंदगी का सोशल ग्रुप के सदस्यों से मदद की गुहार लगाई। और फिर बुधवार की सुबह ही उक्त सोशल ग्रुप के एडमिन मनोज कुमार सिंह की पहल पर ताजपुर निवासी व मांझी के उप प्रमुख रामकृष्ण सिंह के दरवाजे पर दोनों पक्षों के दर्जनों लोगों की मौजूदगी में पंचायत बैठाई गई। पंचायती में वर पक्ष ने वधु पक्ष के दरवाजे पर दुबारा शादी के लिए जाने से साफ साफ इनकार कर दिया तथा अपने गांव के मंदिर में सिंदूर दान की रस्म पूरी करने पर सहमति जताई। फिर क्या था देखते ही देखते दुल्हन अपने दर्जनों नाते रिश्तेदारों के साथ गाड़ी पर सवार होकर अपने होने वाले ससुराल स्थित मंदिर परिसर में आ धमकी और अनेक गणमान्य लोगों की मौजूदगी में ताजपुर शिव मन्दिर परिसर में दूल्हा दुल्हन ने अग्नि को साक्षी मानकर सात फेरे लिए। फिर दूल्हा दुल्हन हंसी खुशी घर के लिए विदा हुए। मौके पर मांझी पश्चिमी पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि राहुल गुप्ता समाजसेवी कृष्णा सिंह पहलवान सत्या सिंह प्रभु जी प्रसाद विजय प्रसाद श्री राम सिंह तथा पिंटु ओझा समेत अनेक गणमान्य आदि मौजूद थे।


More Stories
गड़खा के अलोनी में नये मंडल कारा के निर्माण के उद्देश्य से डीएम ने संभावित स्थल का निरीक्षण
सिविल कोर्ट छपरा में 10 अटेंडेंट की अस्थाई भर्ती के लिए अभ्यर्थी 5 जून तक कर सकते हैं आवेदन
कुपोषित बच्चों के लिए जीवनदान बना सदर अस्पताल का पोषण पुनर्वास केंद्र