राष्ट्रनायक न्यूज।
पानापुर (सारण)। थाना क्षेत्र के कोंध भगवानपुर से सोमवार को तड़के पुलिस ने चंदेश्वर महतो के घर से अविवाहित लगभग 25 वर्षीय उपेंद्र राय का शव बरामद किया। जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली कि कोंध भगवानपुर में चंदेश्वर महतो के घर में मोटर चोरी करते हुए एक चोर पकड़ाया है। इस बात की जानकारी के बाद पुलिस मौके पर पहुंची तो देखा कि घर में एक युवक का शव पड़ा हुआ है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घर के मालिक चंदेश्वर महतो को हिरासत में ले लिया। उसके बाद पुलिस युवक के शव को अपने कब्जे में लेकर पानापुर पीएचसी पहुंची। पीएचसी के चिकित्सक ने भी युवक को देखते ही मृत घोषित कर दिया। फिर पुलिस ने शव को पोस्टमॉटम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेज दिया। वहीं युवक की मौत होने के कारण पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है।
परिजन बोले- प्रेम- प्रसंग में हुई हत्या, हमेशा फोन पर बातें किया करता था उपेंद्र
थाना क्षेत्र के भोरहां निवासी बच्चा राय के पुत्र उपेंद्र राय को पीट-पीटकर हत्या करने की आशंका जताई जा रही है। गांवों में युवक की हत्या प्रेम-प्रसंग में होने की चर्चा चल रही है। इधर पुलिस को दिए आवेदन में मृतक की मां शोभा देवी ने कहा है कि 5 जून की शाम को मेरे घर चंदेश्वर महतो आए। मेरे बेटे उपेंद्र राय को यह कहकर बुला ले गए कि हमदोनों को एक जगह जाना है। जब मैं पूछी कि कब लौटना है तो चंदेश्वर महतो बोले कि आपका लड़का कल सुबह आ जायेगा। 6 जून की सुबह चौकीदार द्वारा पता चला कि मेरे बेटे की मौत हो चुकी है। उसका शव पानापुर सरकारी अस्पताल में पड़ा है। अस्पताल पहुंचने के बाद जब मैंने पुलिस से पूछा कि मेरे बेटे का शव कहां था तो पानापुर पुलिस ने बताया कि चंदेश्वर महतो के घर से लाया गया है। इससे साबित होता है कि एक साजिश के तहत मेरे बेटे को अपने घर बुलाकर अपने परिवार के साथ मिलकर चंदेश्वर महतो ने हत्या किया है। इस संबंध में पानापुर थानाध्यक्ष विकास कुमार सिंह ने बताया कि उपेंद्र राय की हत्या मार-पीटकर की गई है।
परिजनों का रो-रोकर हुआ बुरा हाल
दोनों पक्षों ने अलग अलग कारण बताया
दोनों पक्षों द्वारा हत्या के कारण अलग-अलग बताए जाने के बाद भी ग्रामीणों द्वारा प्रेम प्रसंग में हुई हत्या का अंदेशा ही जताया जा रहा है। ग्रामीण इसे प्रेम प्रसंग की वजह से ही हत्या होने की आशंका जता रहे हैं। मामले की सूचना पाकर पानापुर थाना अध्यक्ष विकास कुमार सिंह दलबल के साथ मौके पर पहुंचे एवं युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल छपरा भेजा।
एक साजिश के तहत मेरे बेटे को अपने घर बुलाकर मार डाला
घटना के संबंध में मृत युवक के घर वालों ने बताया कि उपेंद्र का भगवानपुर के किसी लड़की से प्रेम प्रसंग चल रहा था और उससे वह हमेशा फोन पर बातें किया करता था। बीती रात उसी चक्कर में उपेंद्र वहां गया होगा तभी घर वालों ने पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी है।
लोगों ने कहा-युवक हमारे घर मोटर चोरी करने आया था
मामले में पुलिस ने नकुल महतो के पुत्र चंदेश्वर महतो को मौके से ही गिरफ्तार किया है। वहीं आरोपी महतो परिवार के लोगों का कहना था कि उक्त युवक हमारे घर मोटर चोरी करने आया था। चोरी करते हुए पकड़े जाने पर मारपीट की गई जिसके कारण वह मर गया।


More Stories
मुख्यमंत्री का अमर्यादित हरकत और शर्मनाक समर्थन
छपरा सदर प्रखंड के महाराजगंज पंचायत भवन में होगा विधिक जागरुकता शिविर का आयोजन
प्रत्येक गुरुवार को जिलाधिकारी उद्यमियों के साथ करेंगे संवाद, उनकी समस्याओं को दूर करने के लिये एवं उद्यम विकास के लिये किया जायेगा सक्रिय सहयोग