सारण जिला के सभी तटबंध सुरक्षित, तटबंधों पर चैकसी बढ़ाने का दिया गया निर्देश: सारण जिलाधिकारी
राष्ट्रनायक प्रतिनिधि।
छपरा (सारण)। गंडक नदी के जलस्तर में वृद्धि एवं गोपालगंज में तटबंध के टुटने से वर्तमान में सारण जिला के पानापुर, तरैया, परसा एवं मकेर प्रखंड के कुल 12 पंचायतों के 31 गाँव प्रभावित हुए हैं। इसमें पानापुर और तरैया के चार-चार पंचायत तथा परसा और मकेर के दो- दो पंचायत शामिल हैं। जिला प्रशासन के द्वारा प्रभावित क्षेत्रों में आम जन की सुविधा के लिए 40 नावों का परिचालन किया जा रहा है एवं 11 सामुदायिक रसोई संचालित करायी गयी है जिसमें लगभग 3800 की संख्या में लोगों को भोजन दिया जा रहा है।
नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण निचले क्षेत्र में आवागमन की सुविधा के दृष्टिगत पानापुर में 8, तरैया में 10 एवं मकेर में 12 एवं परसा में 10 कुल-40 नावों का परिचालन किया जा रहा है। पानापुर और तरैया में चार- चार एवं मकेर में तीन, कुल-11 सामुदायिक रसोई आरंभ की गयी है।
जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन के द्वारा बताया गया है कि वर्तमान में नदी पर बने सभी 13 तटबंध सुरक्षित हैं जिसकी चैकसी रखी जा रही है। सभी अंचल अधिकारी एवं जल संसाधन विभाग के अभियंताओं को सतत भ्रमणशील रहते हुए संवेदनशील स्थलों के संबंध में प्रतिवेदन उपलब्ध कराने एवं आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया गया है।
गंडक नदी का जल स्तर अभी खतरे के निशान के पास है। गंगा नदी का जल स्तर 1.40 मीटर नीचे तथा छपरा में घाघरा नदी का जल स्तर खतरे के निशान से 4 मीटर नीचे है। जल संसाधन विभाग द्वारा प्रतिवेदित है कि पिछले दिनों वाल्मिकी नगर बराज से 15 जुलाई को 3 लाख 40 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया था। पुनः 21 जुलाई को लगभग 4 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया है जिससे लगभग जलस्तर में 81 से0मी0 की वृद्धि हुई है। विभाग की चेतावनी के आलोक में सभी क्षेत्रीय पदाधिकारी एवं अंचल अधिकारियों को आवश्यक सतर्कता बरतने एवं सतत् भ्रमणशील रहने तथा निचले इलाकों में माईकींग कराने का निर्देश दिया गया है।
सारण जिलान्तर्गत जून में औसत वर्षापात 133.5 मी0 मी0 के विरूद्ध 307.57 मी0 मी0 दर्ज की गयी है। वहीं जुलाई के औसत 318.70 के विरूद्ध 24 जुलाई तक 380.23 मी0 मी0 दर्ज की गयी है। मई से जुलाई में अभी तक औसत वर्षापात से लगभग 90 प्रतिशत अधिक वर्षापात हो चुकी है।


More Stories
मुख्यमंत्री का अमर्यादित हरकत और शर्मनाक समर्थन
छपरा सदर प्रखंड के महाराजगंज पंचायत भवन में होगा विधिक जागरुकता शिविर का आयोजन
प्रत्येक गुरुवार को जिलाधिकारी उद्यमियों के साथ करेंगे संवाद, उनकी समस्याओं को दूर करने के लिये एवं उद्यम विकास के लिये किया जायेगा सक्रिय सहयोग