सहाजितपुर में युवक का मिला अधजला शव, पत्नी, ससुर व साला पर एफआईआर
बनियापुर(सारण)। सहाजितपुर थाना क्षेत्र के पंचमहल्ला काली स्थान के निकट मंगलवार को एक बगीचे में 37 वर्षीय युवक का अधजला शव बरामद हुआ। शव बरामदगी के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई और देखते ही देखते सैकड़ो लोगों की भीड़ जुट गई। मृतक की पहचान बनियापुर थाना क्षेत्र के चेतन छपरा निवासी रामजी सिंह के पुत्र मिथिलेश कुमार सिंह के रूप में हुई। बताया जाता है की शव बुरी तरह जल चुका था। जले शव के नजदीक एक प्लास्टिक का गैलन, युवक का मोबाईल, एक बैग तथा माचिस की डिबिया बरामद किया गया है। गैलन से पेट्रोल की गंध आ रही थी। जिससे अंदेशा जताई जा रही है कि साजिस के तहत तेल छिड़क कर युवक की हत्या कर दी गई है। बैग में कपड़े, साबुन व तेल आदि मिले है।प्राप्त जानकारी के अनुसार उक्त युवक मुम्बई में रहता था।पत्नी के बुलाने पर तीन दिन पहले ही वह गांव आया था।मृतक की पत्नी एक साल से अपने मायके सहाजितपुर थाना क्षेत्र के मौजेगोवा में ही रहती थी। मृतक परिजनों से ससुराल जाने की बात कह घर से निकला था। मृतक के ससुराल जाने की बात से परिजन निश्चिन्त थे। तभी उसकी मौत की सूचना मिली। घटना की सूचना पर पहुँची पुलिस ने शव को कब्जे में ले पोस्टमार्टम के लिये सदर अस्पताल छपरा भेज दिया।
मृतक के पिता के बयान पर दर्ज हुई प्राथमिकी
बनियापुर थाना क्षेत्र के चेतन छपरा निवासी व मृत युवक के पिता रामजी सिंह के बयान पर सहाजितपुर थाने में मामले की प्राथमिकि दर्ज की गई है। दर्ज प्राथमिकी में मृतक की पत्नी संध्या देवी, ससुर वामदेव चौधुर, साला विनोद चौधुर, राजेश चौधुर एवं रंजय पांडेय तथा राजकिशोर राय को नामजद किया है। मृतक पिता का आरोप है कि सभी नामजद मिलकर मेरे पुत्र को जिंदा जलाकर हत्या कर दिए है। दर्ज प्राथमिकी में पिता ने बताया है कि उनका पुत्र मुंबई में रहकर नौकरी करता था।जो गत 29 फरवरी घर आया था। इस दौरान मिथलेश ने बातचीत के क्रम में बताया था कि ससुराल वाले उसे मारने पीटने की धमकी देते रहते है तथा फोन कर के मामले को सुलझाने के लिये ससुराल बुलाये है। पत्नी से भी फोन पर झगड़ा होने की बात बताई थी। मृतक ने परिजनों को बताया था कि ससुराल नही पहुंचने पर नामजदों ने बुरे परिणाम की धमकी भी दी है। झगड़े की समझौते के लिए ही मृतक ससुराल गया था।
घटना स्थल पर ससुराल वालों के नहीं पहुंचने की होती रही चर्चा
घटना की जानकारी मंगलवार को लगभग आठ बजे सुबह लगी। कुछ लोग बगान की ओर मवेशियों के चारे लाने गए थे। तभी बुरी तरह से जले युवक की शव को सुनसान बगीचे में देखा गया। जिसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई। इधर, घटना की जानकारी के चार घंटे बाद मृतक की पत्नी पहुंची। जबकि ससुराल वाले घटना स्थल पर नदारद रहे। जो स्थानीय लोगों में चर्चा का विषय बना रहा। घटना स्थल से मृतक का ससुराल मौजेगोवा की दूरी महज तीन किलोमीटर है। पुलिस सूत्रों की मानें तो घटना को लेकर शक की सुई पत्नी व ससुराल वालों की ओर घूम रही है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पत्नी को हिरासत में लेकर पुछताक्ष की जा रही है। पुलिस मामले की सभी बिन्दुओ पर पैनी नजर रख अनुसन्धान में जूटी है।
माता और पिता का रो-रोकर बुरा हाल
बेटे की हत्या की सूचना पर पहुंचे मृतक के पिता रामजी सिंह, माता लालती देवी तथा 8 वर्षीय बेटे सर्वेश का रो-रो कर बुरा हाल है। पिता की बुरी तरह से जले शव को देख आठ वर्षीय सर्वेश काफी डरा हुआ प्रतीत हो रहा था।मामले में ससुराल वालों पर साजिस की बात कही गई है।घटना की हकीकत पुलिस अनुसंधान के बाद ही स्पष्ठ हो पाएगी।


More Stories
आयुष्मान आरोग्य मंदिर पर 10 फाइलेरिया के मरीजों के बीच एमएमडीपी कीट का हुआ वितरण
डीएम रोस्टर के अनुरूप प्रत्येक प्रखंड में जाकर विकास योजनाओं का करेंगे समीक्षा, जारी हुआ रोस्टर
30 जून काे एकमा प्रखंड परिसर में लगेगा नियोजन कैम्प