राष्ट्रनायक न्यूज।
इसुआपुर (सारण)। शामकौरिया रेलवे स्टेशन पर महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव को लेकर शामकौरिया तदर्थ यात्री संघ की बैठक डॉ सी पी सिंह इंटर कॉलेज के प्रांगण में हुई। यात्री संघ के अध्यक्ष प्रोफ़ेसर कुमार बसंत की मौजूदगी तथा सचिव प्रोफ़ेसर कमल किशोर सिंह की अध्यक्षता में ट्रेनों के ठहराव से संबंधित चर्चा हुई। जिसमें गोमती नगर- छपरा एक्सप्रेस तथा गोरखपुर-पाटलिपुत्र एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव को लेकर कहा गया कि तरैया विधानसभा का इकलौता रेलवे स्टेशन शामकौरिया विभागीय उदासीनता का शिकार है। जबकि भारी संख्या में इस रेलवे स्टेशन से यात्रियों का आना-जाना रहता है। प्रतिदिन महुली, चकहन, अमरदह, गोहाना, गंगोई, सिसवां, गोविंदापुर, केरवां, अगौथर, धामा, आयानगर, नागराज, सतासी समेत दर्जनों गांवों के लोग छपरा तथा पटना की यात्रा करते हैं। जिनके ट्रेन से आने-जाने की सुविधा नहीं है। जबकि इस रेलवे स्टेशन से होकर गोमती नगर-छपरा एक्सप्रेस तथा पाटलिपुत्र-गोरखपुर जैसी महत्वपूर्ण ट्रेनें चलती हैं। दोनों का ठहराव यहां नहीं होने से यात्री इस सुविधा से वंचित हैं। वहीं बताया गया कि अगर दोनों ट्रेनों का इस रेलवे स्टेशन पर एक मिनट भी ठहराव हो जाए तो प्रतिदिन पांच हजार से अधिक की आय रेलवे की बढ़ जाएगी। समस्या से स्थानीय विधायक जनक सिंह तथा स्थानीय सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल को भी अवगत कराया गया है। अंत में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया गया कि, अगर इन दोनों ट्रेनों का ठहराव नहीं हुआ तो यात्री संघ के बैनर तले चरणबद्ध तरीके से आंदोलन चलाया जाएगा।


More Stories
मुख्यमंत्री का अमर्यादित हरकत और शर्मनाक समर्थन
छपरा सदर प्रखंड के महाराजगंज पंचायत भवन में होगा विधिक जागरुकता शिविर का आयोजन
प्रत्येक गुरुवार को जिलाधिकारी उद्यमियों के साथ करेंगे संवाद, उनकी समस्याओं को दूर करने के लिये एवं उद्यम विकास के लिये किया जायेगा सक्रिय सहयोग