- बैरिकेडिंग कराने व बल्ले को रंगवाते हुए उस पर लाल झण्डा लगा देने का निर्देश
- छठ व्रतियों के आवागमन के मार्ग साफ-सफाई का विशेष ध्यान देने की आवश्यकता
राष्ट्रनायक न्यूज।
छपरा (सारण)। सारण समाहरणालय सभागार में आयोजित दीपावली एवं छठ पूजा से संबंधित बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी सारण राजेश मीणा के द्वारा बताया गया कि इस वर्ष दीपावली 24 अक्टूबर 2022 को एवं लोक आस्था का महान पर्व छठ 28 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 22 तक मनाया जायेगा। छठ पर्व 28 अक्टूबर को नहाय खाय से शुरू होकर 30 अक्टूबर को संध्या समय और 31 अक्टूबर को सूर्योदय के समय अर्घ्य प्रदान कर यह पर्व संपन्न होगा। बैठक में जिलाधिकारी के द्वारा सारणवासियों से छठ पर्व को शांतिपूर्ण एवं आपसी सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील भी की गयी। विशेष रूप से छठ पर्व के अवसर पर नदियों, तालाबों और छठ घाटों पर श्रद्धालुओं, छठ व्रतियों एवं इनके परिवार के सदस्यों की भारी भीड़ होती है। छठ पूजा के दौरान संभावित दुर्घटनाओं को रोकने के लिये पर्याप्त सतर्कता अपेक्षित है। बैठक में शान्ति व्यवस्था, साम्प्रदायिक सौहार्द, स्थानीय सहिष्णुता बनाए रखने तथा शान्तिपूर्ण ढंग से पर्व संपन्न कराने के लिए पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि छठ पर्व शुद्धता और स्वच्छता का पर्व होता है। छठ व्रतियों के आवागमन के मार्ग साफ-सफाई का विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। छठ पूजा में नदी घाटों, बड़े जलाशयों में नावों का परिचालन होता है। छठ घाटों पर प्रतिनियुक्त बल तथा दण्डाधिकारी नावों पर ओवर लोडिंग पर प्रतिबंध लगाना सुनिश्चित करेंगे। निजी नावों का परिचालन पूर्णतः प्रतिबंधित रखने का निर्देश दिया गया।
अर्ध्य देने के स्थान को चिह्नित कर पर्याप्त संख्या दण्डाधिकारी रहेंगे तैनात
सभी अनुमण्डल पदाधिकारी, अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी, प्रखण्ड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी एवं थानाध्यक्ष बैठक कर छठ व्रतियों द्वारा अर्ध्य देने के स्थान को चिन्हित कर पर्याप्त संख्या में पालीवार दण्डाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं बल की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करेगें। जिला स्तर से वरीय पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति भी अलग से किया जाएगा। प्रतिनियुक्त पदाधिकारी अर्घ्य दिए जाने वाले स्थलों पर 30 अक्टूबर को 12.30 बजे अपराहन में अपना स्थान ग्रहण कर लेंगे एवं 31 अक्टूबर के 12.30 बजे अपराह्न तक प्रतिनियुक्त रहेगें। इस संबंध में पूजा के आयोजकों को समय पूर्व इसकी सूचना देने का भी निदेश दिया गया। छठ घाटों और तालाबों पर छठ महापर्व के दौरान मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग का अनुपालन सुनिश्चित कराने का भी निदेश दिया गया। नदियों, पोखर तालाब में कहीं-कहीं गहराई अधिक होने के कारण दुर्घटना की संभावना होती है। अतएव संबंधित अंचल अधिकारी समय पूर्व ऐसे खतरनाक स्थलों को चिन्हित कर वहां बैरिकेडिंग करवा कर बल्ले को रंगवाते हुए उस पर लाल झण्डा लगा देंगें ताकि व्रती इस सीमा के पार जा सकें।
छठ घाट जाने वाले मार्गो का निरीक्षण कर बेहतर करने के दिए निर्देश:
जिलाधिकारी के द्वारा नगर आयुक्त, छपरा नगर निगम, सभी अनुमण्डल पदाधिकारी, सभी कार्यपालक पदाधिकारी, नगर पंचायत, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी और सभी अंचलाधिकारी को अपने अपने क्षेत्रान्तर्गत छठ घाट जाने वाले मार्गो का निरीक्षण कर यह सुनिश्चित कर लेने का निर्देश दिया गया कि इस मार्ग में किसी भी तरह का अवरोध न हो और यदि उसमें कोई अवरोध अथवा बाधा हो तो उसे अविलंब दूर करवाना सुनिश्चित करेंगे। आवागमन के मार्गों पर सभी अनुमण्डल पदाधिकारी, अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी पर्याप्त बल, यातायात सिपाही और दण्डाधिकारी की प्रतिनियुक्ति करना सुनिश्चित करेंगे। लाउडस्पीकर से आवश्यक घोषणाएं करने का भी निर्देश दिया गया। नगर आयुक्त, छपरा नगर निगम, सभी कार्यपालक पदाधिकारी पंचायत और सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी को आदेश दिया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्र में स्थित छठ घाटों की समय पूर्व साफ सफाई करवाना सुनिश्चित करेंगे। साथ ही अर्घ्य दिए जाने वाले स्थलों और वहां जाने वाले मार्ग पर सफाई के साथ-साथ समुचित प्रकाश की व्यवस्था भी सुनिश्चित करें। सभी अनुमण्डल पदाधिकारियों को आदेश दिया गया है कि प्रत्येक छठ घाट के भौतिक सत्यापन हेतु टीम गठित कर सत्यापन प्रतिवेदन दिनांक 22.10.2022 तक प्राप्त कर लें। निरीक्षण के क्रम में इस बात का विशेष ध्यान रखा जाय कि घाटो का निर्माण, बैरिकेडिंग, संपर्क पथ का निर्माण, साफ सफाई तथा लाइटिंग की व्यवस्था छठ पर्व प्रारंभ होने के दो दिन पूर्व हर हाल में पूर्ण हो जाय।
जिला आपदा नियंत्रण कक्ष 27 घंटे रहेगा क्रियाशील:
जिला आपदा नियंत्रण कक्ष 24.7 क्रियाशील रहेगा। जिसका दूरभाष संख्या 06152-245023 है। इसके प्रभार में गंगाकान्त ठाकुर, वरीय उप समाहर्त्ता, सारण 9905045795 और पुलिस निरीक्षक मंजू कुमारी सिंह, सदर अंचल- 9934791624 रहेंगे। इसके साथ ही जिला नियंत्रण कक्ष भी 24 घंटा सतत कार्यरत रहेगा जिसका दूरभाष संख्या 06152-242444 है। इसके प्रभार में डॉ० गगन, 9473191268 अपर समाहर्त्ता, सारण और सौरभ जायसवाल, पुलिस उपाधीक्षक, मुख्यालय, सारण रहेंगे। अनुमण्डल पदाधिकारी, छपरा सदर, सोनपुर एवं मदौरा अपने-अपने अनुमण्डल कार्यालय में भी नियंत्रण कक्ष स्थापित कर पर्याप्त संख्या में दण्डाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी, बल की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करेंगे। जिला नियंत्रण कक्ष के वरीय पदाधिकारी मढ़ौरा एवं सोनपुर अनुमण्डल से भी लगातार सम्पर्क में रहकर प्राप्त सूचनाओं पर नियमानुकूल कार्रवाई सुनिश्चित करेगें।


More Stories
गड़खा के प्राथमिक विद्यालय औढ़ा माल का 10 दिनों में दो बार ताला तोड़कर चोरों ने हजारो रूपये के सामान की चोरी, गुहार लगाने गये शिक्षकों पर भड़की पुलिस
मतदान लोकतंत्र का आधार है, जगलाल चौधरी महाविद्यालय में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन
विधानसभा चुनाव की अधिसूचना जारी, नामांकन प्रक्रिया प्रारंभ: जिलाधिकारी