राष्ट्रनायक न्यूज।
छपरा (सारण)। छपरा चार दिवसीय लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा की शुरूआत 28 अक्टूबर को नहाय-खाय के साथ हो रही हैं। इसके लिए घाटों पर व्रतियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए तैयारियां चल रही है। इसी संदर्भ में सारण लोकसभा क्षेत्र के सांसद व भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव प्रताप रुडी ने जिलाधिकारी से बात की और जिला के सभी छठ घाटों पर पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था के साथ ही साफ-सफाई की भी जानकारी ली। सांसद ने रविवार को अमनौर में भी प्राकृतिक सौंदर्य और आध्यात्मिक संस्कृति का अदभूत केन्द्र प्राचीन पोखरा पर छठ घाटों का निरीक्षण किया और प्रशासनिक अधिकारियों को घाटों पर व्रतियों को कोई असुविधा नहीं हो, बल्कि उनकी सुविधा हेतु पूरी निष्ठा एवं सेवा भावना से कार्य पूरा करने का निर्देश दिया। मौके पर उपस्थित स्थानीय विधायक मंटू सिंह, मढ़ौरा एसडीओ, डीएसपी, बीडीओ और सीओ समेत समिति के सदस्यों व कार्यकर्ताओं के साथ सांसद ने घाटों पर नियंत्रण कक्ष की स्थापना, प्रकाश की पर्याप्त व्यवस्था, गोताखोर, बैरिकेडिंग करने, शौचालय, पेयजल, आदि कार्यों की तैयारियों के लिए दिशा-निर्देश दिया। श्री रुडी द्वारा सभी संबंधित अधिकारियों को विशेष चौकसी बरतने तथा छठ घाटों पर व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। इस दौरान छठ के मौके पर घाटों की सफाई एवं सुविधाओं के लिए जहां भाजपा कार्यकर्ता और प्रशासनिक अमला लगा है वहीं आमजन भी जुटे हैं। घाटों की साफ सफाई के साथ ही आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही है।
घाटों पर अधिक पानी या गहराई में जाने से बचने का आग्रह किया
श्री रुडी ने कहा कि सारण जिला से होकर तीन बड़ी नदियां, गंगा, गंडक और घाघरा (सरयू) गुजरती है। इन नदियों के घाटों पर छठ पूजा के दौरान अत्यधिक भीड़ होता है। श्रद्धालु नदी के किनारे जाते है। नदियों के कटाव और पानी की अधिकता के कारण सदा अनहोनी की आशंका बनी रहती है। सांसद ने श्रद्धालुओं से ऐसे घाटों पर अधिक पानी या गहराई में जाने से बचने का आग्रह किया। उन्होंने जिला प्रशासन से भी ऐसे गहराई वाले घाटों को चिन्हित करते हुए पुख्ता सुरक्षा इंतजाम करने को कहा। सांसद रूडी ने बताया कि जो लोग नदियों पर बने छठ घाटों पर नहीं जाते वे अपने-अपने गांवों में बने तालाबों पर पूजा करने के लिए जाते है। इन तालाबों में भी कई स्थानों पर गहराई बहुत है जिसका अनुमान नहीं मिलता है। अमनौर का बड़ा पोखरा के घाटों की भी गहराई अधिक है। बड़ा पोखरा पूजा के लिए श्रद्धालुओं की पहली पसंद है।


More Stories
सारण के सांसद रूडी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की हुई बैठक, विकास योजनाओं पर हुई चर्चा
कार्यपालक सहायकों ने स्थायीकरण की मांग को ले दी चरणबद्ध आंदोलन व अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी
चुनाव आयोग की मनमानी और अलोकतांत्रिक कार्रवाई के विरुद्ध सी पी आई(एम) ने निकाला प्रतिरोध मार्च, डीएम को ज्ञापन सौंपा