अनियंत्रित ट्रक की चपेट में आकर तीन मजदूरों की मौत, आक्रोशित लोगों ने किया रोड जाम
- नाराज लोगों ने पुलिस के विरुद्ध प्रर्दशन कर किया सड़क जाम
- एक किराना दुकान पर पल्लेदारी करने गए थे तीनों
- विधायक, डीएसपी, इंस्पेक्टर, बीडीओ, सीओ व थानाध्यक्ष मौके पर पहुंचे
एकमा (सारण)। एकमा पुलिस अंचल के रसूलपुर थाना इलाके में शुक्रवार की अहले सुबह छपरा-सीवान एनएच 531पर स्थित रसूलपुर चट्टी पर एक अनियंत्रित ट्रक की चपेट में आकर तीन मजदूरों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतकों की शिनाख्त रसूलपुर थाना इलाके में चड़वा गांव निवासी चन्द्रमा मांझी के पुत्र मुन्ना मांझी (36), मुकुन्दपुर गांव निवासी मोहन प्रसाद कुर्मी के पुत्र छोटन प्रसाद (35) और रसूलपुर चट्टी निवासी बदरी राय के पुत्र छोटू राय (30) के रुप में हुई है। घटनास्थल पर शवों के साथ विलाप कर रहे परिजनों ने बताया कि तीनों युवक एक किराना दुकान पर मजदूरी/पल्लेदारी करने अपने घरों से निकल कर रसूलपुर चट्टी पर आए थे। इस दौरान एक मिनी ट्रक का टायर पंक्चर हो जाने पर उसकी स्टेपनी बदली जा रही थी। इसी बीच अज्ञात अनियंत्रित ट्रक ने तीनों को रौंद दिया। वहीं वारदात के बाद ट्रक चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। आरोप है कि सूचना के बाद विलंब से स्थानीय थाने की पुलिस के पहुंचने पर नाराज लोगों ने सड़क जाम कर दिया। इस दौरान पुलिस द्वारा बल प्रयोग की बात कहने पर ग्रामीण भी आक्रोशित हो गये। वहीं शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन कर रहे लोगों की पुलिस के साथ नोकझोंक भी हुई। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने आरोप लगाया कि समय पर पुलिस पहुंच कर घायलावस्था में तड़पते युवकों को उपचार हेतु सीएचसी पहुंचा दी होती तो शायद मजदूरों की जान बच सकती थी। उधर वारदात की सूचना पर माहौल को काबू में लेने के उद्देश्य से मौके पर रसूलपुर के अलावा दाउदपुर, एकमा सहित मांझी थानों की पुलिस भी पहुंच गई। इस बीच घटनास्थल पर एकमा विधायक मनोरंजन कुमार सिंह धूमल, डीएसपी अजय कुमार सिंह, इंस्पेक्टर मंजू सिंह, बीडीओ डॉ कुंदन, सीओ सुशील मिश्र, रसूलपुर थानाध्यक्ष चरणजीत दास, एकमा थानाध्यक्ष राजेश चौधरी, मुखिया गणेश साह, जदयू नेता राजेश्वर सिंह, प्रखंड राजद अध्यक्ष वकील यादव आदि ने पहुंच कर सड़क जाम कर लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। वहीं शव के साथ विलाप कर रहे मृतकों के परिजनों को सांत्वना देकर हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। वहीं सीओ द्वारा आपदा के तहत चार-चार लाख रुपए मुआवजा देने की घोषणा की गई। इसके बाद राष्ट्रीय राज मार्ग 531 पर सड़क यातायात सामान्य हो सका। पुलिस द्वारा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेजा गया। जबकि कुछ अन्य घायलों को उपचार हेतु भेजा गया।


More Stories
मुख्यमंत्री का अमर्यादित हरकत और शर्मनाक समर्थन
छपरा सदर प्रखंड के महाराजगंज पंचायत भवन में होगा विधिक जागरुकता शिविर का आयोजन
प्रत्येक गुरुवार को जिलाधिकारी उद्यमियों के साथ करेंगे संवाद, उनकी समस्याओं को दूर करने के लिये एवं उद्यम विकास के लिये किया जायेगा सक्रिय सहयोग