हरितालिका तीज व्रत पर सोलह श्रृंगार कर महिलाओं ने किया शिव-पार्वती का पूजन
- अखंड सुहाग व मनचाहा वर की कामना के साथ व्रतियों ने निर्जला उपवास रखकर किया अनुष्ठान
के.के. सिंह सेंगर की रिपोर्ट
एकमा(सारण)। स्थानीय नगर पंचायत बाजार व आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में शुक्रवार को महिलाओं की ओर से पारंपरिक श्रद्धा व उत्साह के साथ हरितालिका तीज व्रत का अनुष्ठान किया गया। हरितालिका तीज व्रत भाद्रपद मास के शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि को महिलाओं ने दिनभर निर्जला रह कर शाम को सोलह श्रृंगार करके घरों व मंदिरों में सामूहिक रुप से शिव पार्वती की प्रतिमाओं अथवा चित्रों के समक्ष विधि-विधान के साथ पूजन किया। इस दौरान तीज व्रती महिलाओं ने समूह में बैठकर हरितालिका तीज व्रत की कथा का श्रद्धा पूर्वक श्रवण किया। इस अवसर पर व्रतियों द्वारा सुहाग की सामग्रियों को अपने पूजन में शामिल किया गया। एकमा प्रखंड मुख्यालय स्थित शिवालय मंदिर परिसर में शाम के समय महिलाओं की ओर से हरतालिका तीज व्रत की कथा का रसपान करते हुए देखा गया।
इसी प्रकार मांझी के रामघाट, ताजपुर, राजापुर, फुलवरिया, राजापुर, हरपुर, मुबारकपुर, परसागढ, रसूलपुर, रामपुर सहित नचाप के बोहटा नदी के किनारे स्थित शिव राम जानकी परिसर में भी महिलाओं ने तीज व्रत की कथा का श्रवण किया।
तीज व्रती रुचि सिंह, ब्यूटी सिंह, सरोज देवी, किरण सिंह, नीतु कुमारी, नीलु कुमारी, गीता सिंह आदि के अनुसार मान्यता है कि मां पार्वती ने इस व्रत को शिवजी को पति रूप में पाने के लिए किया था। इसलिए अच्छे वर की प्राप्ति के लिए कुछ कुंवारी लड़कियां भी इस व्रत का अनुष्ठान करती हैं। वहीं विवाहित महिलाओं द्वारा यह व्रत अखंड सुहाग के लिए किया जाता है। इस व्रत में भगवान शिव व मां पार्वती का पूजन किया जाता है। इस व्रत में माता पार्वती पर सुहाग का सारा सामान चढ़ाया जाता है। जो हरितालिका व्रत को विधि पूर्वक करता है। उसके सौभाग्य की रक्षा स्वयं भगवान शिव करते हैं।


More Stories
मुख्यमंत्री का अमर्यादित हरकत और शर्मनाक समर्थन
छपरा सदर प्रखंड के महाराजगंज पंचायत भवन में होगा विधिक जागरुकता शिविर का आयोजन
प्रत्येक गुरुवार को जिलाधिकारी उद्यमियों के साथ करेंगे संवाद, उनकी समस्याओं को दूर करने के लिये एवं उद्यम विकास के लिये किया जायेगा सक्रिय सहयोग