छपरा में अनियंत्रित बाइक की चपेट में आने से बच्चे की मौत
छपरा(सारण)। रिविलगंज थाना क्षेत्र के मेथवालिया गांव के पास छपरा सिवान नेशनल हाईवे 85 पर अनियंत्रित बाइक की चपेट में आने के कारण एक सात वर्षीय बच्चे की मौत शनिवार को हो गयी। उसी गांव के संजय राम के सात वर्षीय पुत्र रोहित कुमार है। बच्चे को कुचलने के बाद बाइक सवार अपनी बाइक छोड़कर फरार हो गया। घटना की सूचना पाकर रिविलगंज थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई है तथा शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल छपरा भेज दिया है। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल मोटरसाइकिल को जप्त कर लिया है। इस घटना के कारण आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम करने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस के पहुंच जाने के कारण सड़क जाम हटा लिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बाइक सवार अनियंत्रित तरीके से बाइक चला रहा था तथा रोहित सड़क किनारे खड़ा था, जिसे अनियंत्रित बाइक सवार ने कुचल डाला। दुर्घटना के बाद लोग कुछ समझ पाते और बाइक सवार को पकड़ते, तब तक वह अपनी बाइक छोड़कर पैदल ही दौड़ते हुए फरार हो गया। इस मामले में रिविलगंज थाने की पुलिस ने जब्त बाइक के अज्ञात चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है तथा बाइक के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर उसके मालिक का नाम पता ज्ञात कर रही है। इस घटना के कारण मृतक के परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल है और मातम छाया हुआ है।


More Stories
मुख्यमंत्री का अमर्यादित हरकत और शर्मनाक समर्थन
छपरा सदर प्रखंड के महाराजगंज पंचायत भवन में होगा विधिक जागरुकता शिविर का आयोजन
प्रत्येक गुरुवार को जिलाधिकारी उद्यमियों के साथ करेंगे संवाद, उनकी समस्याओं को दूर करने के लिये एवं उद्यम विकास के लिये किया जायेगा सक्रिय सहयोग