छपरा में गोली मारकर युवक को किया घायल, सदर अस्पताल में भर्ती
आशिफ खान की रिर्पोट। राष्ट्रनायक प्रतिनिधि।
रिविलगंज (सारण)। जिले के रिविलगंज थाना क्षेत्र के जान टोला गांव में पुरानी आपसी रंजिश के कारण गुरुवार की रात करीब नौ बजे एक युवक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घायल युवक को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वह जान टोला गांव निवासी महादेव महतो के पुत्र 35 वर्षीय परशुराम महतो बताया गया है। गोली मारने वाले भी बगल के रहने वाले बताए गए हैं। बताया जाता है कि दो पक्षों के बीच पिछले कई दिनों से विवाद चला आ रहा है और इसको लेकर पहले मारपीट की घटना हुई थी। इसी घटना के प्रतिशोध में परशुराम महतो को गोली मारी गई है। उसके कंधे पर गोली लगी है। सदर अस्पताल में भगवान बाजार थाना की पुलिस ने ले जाकर भर्ती कराया। वह खतरे से बाहर बताया गया है। घटना के बाद पुलिस ने इसकी जांच शुरू कर दी है। समाचार लिखे जाने तक इस मामले में प्राथमिकी दर्ज नहीं हो सका है। इस संबंध में रिविलगंज थाना थानाध्यक्ष किशोरी चौधरी ने बताया कि घटना की सूचना मिली है और घायल को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल इस मामले में घायल का बयान दर्ज नहीं हुआ है ।घायल का बयान दर्ज होने के बाद ही घटना के कारणों तथा गोली मारने वालों के बारे में पता चल सकेगा। इस घटना के कारण दोनों पक्षों के बीच पहले से उत्पन्न विवाद और गहराने की आशंका व्यक्त की जा रही है।


More Stories
मुख्यमंत्री का अमर्यादित हरकत और शर्मनाक समर्थन
छपरा सदर प्रखंड के महाराजगंज पंचायत भवन में होगा विधिक जागरुकता शिविर का आयोजन
प्रत्येक गुरुवार को जिलाधिकारी उद्यमियों के साथ करेंगे संवाद, उनकी समस्याओं को दूर करने के लिये एवं उद्यम विकास के लिये किया जायेगा सक्रिय सहयोग