राजद नेता श्याम रजक का दावा- कभी भी टूट सकता है जदयू, नीतीश के 17 विधायक हमारे संपर्क में
राष्ट्रनायक प्रतिनिधि।
पटना (सारण)। अरुणाचल प्रदेश की घटना के बाद विपक्ष की नजर भाजपा-जदयू के रिश्तों पर है। राजद ने बुधवार को दूसरा दांव चल दिया है। राजद के वरिष्ठ नेता श्याम रजक ने दावा किया है कि सत्ता पक्ष के 17 विधायक हमारे संपर्क में हैं। वे यही चाहते हैं कि उन्हें राजद अपना लें। इससे पहले राजद ने नीतीश कुमार को महागठबंधन में आने का न्योता दिया था। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष उदय नारायण चौधरी ने कहा था कि नीतीश अगर तेजस्वी को समर्थन देकर मुख्यमंत्री बना दें तो विपक्ष उन्हें 2024 में प्रधानमंत्री पद के लिए समर्थन दे सकती है।रजक यह भी कहते हैं कि दल-बदल कानून के तहत 17 विधायकों को अभी राजद में नहीं लिया जा सकता। जदयू को तोड़ने के लिए 25-26 विधायक होने चाहिए। तब दल-बदल कानून उन पर लागू नहीं होगा। अभी राजद इंतजार कर रहा है कि कुछ और विधायक संपर्क में आएं और जदयू को राजद तोड़ ले। हम उन्हीं विधायकों को लेंगे, जो समाजवाद के समर्थक और लालू यादव की विचारधारा पर चलने वाले हों।
रजक का बयान व्यक्तिगत’
राजद विधायक और पार्टी के मुख्य प्रवक्ता भाई वीरेंद्र ने कहा कि पार्टी श्याम रजक के बयान से इत्तेफाक नहीं रखती। यह उनका व्यक्तिगत बयान है। बहुत जल्द राजद की बैठक होगी, जिसमें नीतीश कुमार के साथ सरकार बनाने की संभावनाओं पर विचार किया जाएगा। इस बात पर चर्चा होगी कि नीतीश कुमार तय करें कि उन्हें क्या करना है। नीतीश तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री बनाएं और खुद केंद्र की राजनीति करें तो राजद उनकी मदद करेगा।‘
राजद के नेता सिर्फ बयानबाजी कर रहे’
रजक के बयान के बाद बिहार के राजनीतिक गलियारे में कानाफूसी शुरू हो गई है। जदयू की तरफ से प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने मोर्चा संभाला। वे कहते हैं कि श्याम रजक अपने बयानों से लोगों को भरमा रहे। बिना तथ्य के बयान दे रहे हैं। पूरी पार्टी एकजुट है। जदयू के विधायक नीतीश कुमार में आस्था रखते हैं। राजद पहले अपने विधायकों को संभाले, क्योंकि राजद के ज्यादातर विधायकों का तेजस्वी यादव में भरोसा नहीं है। तेजस्वी के गायब होने से विधायक काफी परेशान रहते हैं।


More Stories
मुख्यमंत्री का अमर्यादित हरकत और शर्मनाक समर्थन
छपरा सदर प्रखंड के महाराजगंज पंचायत भवन में होगा विधिक जागरुकता शिविर का आयोजन
प्रत्येक गुरुवार को जिलाधिकारी उद्यमियों के साथ करेंगे संवाद, उनकी समस्याओं को दूर करने के लिये एवं उद्यम विकास के लिये किया जायेगा सक्रिय सहयोग