अररिया जिले में जल्द शुरू हो सकती है कोरोना टीकाकरण की प्रक्रिया : सिविल सर्जन
- कोविड टीकाकरण अभियान की सफलता को लेकर स्वास्थ्य विभाग मुस्तैद
- वैक्सीन के रख-रखाव को लेकर सदर अस्पताल में उपलब्ध इंतजामों का सीएस ने लिया जायजा
- पहले चरण में लगभग दस हजार लोगों को टीकाकृत किये जाने का लक्ष्य
अररिया। जिले में कोरोना टीकाकरण की प्रक्रिया चंद दिनों में शुरू हो सकती है । टीकाकरण के पहले चरण में लगभग दस हजार लोगों को टीकाकृत किये जाने का लक्ष्य निर्धारित है । इसमें सभी सरकारी व निजी चिकित्सा संस्थानों में कार्यरत चिकित्सा कर्मी व आईसीडीएस विभाग में कार्यरत कर्मी शामिल हैं । उक्त जानकारी बुधवार को सिविल सर्जन डॉ रूपनारायण कुमार ने दी । उन्होंने कहा कि जिले में कोरोना टीकाकरण को लेकर सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली गयी है । इसके लिये कर्मियों को जरूरी प्रशिक्षण दिया गया है। टीकाकरण की प्रक्रिया को सफल बनाने के लिये व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है ।
वैक्सीन के रख-रखाव संबंधी इंतजाम का सीएस ने किया निरीक्षण:
जिले में जल्द शुरू होने वाली कोरोना टीकाकरण की प्रक्रिया को लेकर सिविल सर्जन डॉ रूपनारायण कुमार ने बुधवार को सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण किया । इस क्रम में उन्होंने टीका के रख-रखाव को लेकर अस्पताल के कोल्ड चेन मैनजेमेंट सिस्टम का मुआयना किया । साथ ही शीतल गृह में कार्यरत कर्मियों से उपलब्ध इंतजाम से संबंधित पूछताछ की । पूछताछ के क्रम में बताया गया कि फिलहाल सदर अस्पताल के शीतलन गृह में 02 डीप फ्रिजर व 05 आईएलआर उपलब्ध हैं । सिविल सर्जन ने उपलब्ध इंतजामों की अद्यतन स्थिति की अधिकारी व कर्मियों के साथ समीक्षा की । इसके अलावा सिविल सर्जन ने अस्पताल के एक्स- रे रूम , जांच घर, प्रसव कक्ष सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थानों का निरीक्षण किया । साथ ही अस्पताल की साफ-सफाई सहित मरीजों के बेहतर स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराने को लेकर अधिकारी व कर्मियों को जरूरी दिशा- निर्देश दिये । इस क्रम में सिविल सर्जन सहित अस्पताल प्रबंधक विकास आनंद, नवकांत यादव, पिंकू कुमार साह सहित अन्य विभागीय अधिकारी व कर्मी मौजूद थे।
वैक्सीन के रख-रखाव के लिये किये गये उन्नत प्रबंध:
टीकाकरण को लेकर चल रही तैयारियों की जानकारी देते हुए सिविल सर्जन ने बताया कोरोना वैक्सीन के रख-रखाव को लेकर लॉजिस्टिक मैनजमेंट व कोल्ड चेन मैनेजमेंट को दुरुस्त किया गया है । टीका के सुरक्षित भंडारण को लेकर डब्ल्यूएचओ की मेपिंग के मुताबिक बड़े आकार के 15 डीप फ्रिजर, बड़े आकार के 11 एलआर व छोटे आकार के 03 आईएलआर की अधियाचना सरकार से की गयी है । उन्होंने कहा कि प्रथम चरण में चिह्नित लोगों को टीका लगाने के लिये700 टीकाकर्मियों को जरूरी प्रशिक्षण दिया गया है । टीकाकरण के एक सत्र में 100 लोगों को टीका लगाने का इंतजाम किया जाना है ।
प्रथम चरण में स्वास्थ्य व आईसीडीएस कर्मियों टीका देने का लक्ष्य:
सिविल सर्जन के मुताबिक टीकाकरण के पहले चरण में लगभग 10 हजार लोगों को टीकाकृत किये जाने का लक्ष्य है । इसमें सभी सरकारी व निजी चिकित्सा संस्थानों में कार्यरत कर्मियों के साथ-साथ आईसीडीएस कर्मियों को शामिल किया गया है । टीकाकरण के लिये चिह्नित लोगों का डाटाबेस तैयार कर लिया गया है । डाटाबेस के आधार पर टीकाकरण से पूर्व संबंधित लाभुकों को मोबाइल मैसेज के जरिये इसकी जानकारी दी जायेगी । ताकि वह निर्धारित समय पर टीकाकरण सत्र स्थल पर पहुंच सके । टीका का दूसरा डोज 28 दिनों बाद दिया जाना है । इस संबंध में भी जानकारी लाभुकों को मोबाइल मैसेज पूर्व में ही उपलब्ध करा दिया जायेगा।


More Stories
स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान’ में महिला फाइलेरिया मरीजों पर विशेष फोकस
महिलाओं एवं किशोरियों को प्रजनन एवं यौन स्वास्थ्य जैसे विषयों पर जागरूकता करने की काफी आवश्यकता
अनचाहे गर्भ से सुरक्षा के लिए महिला बंध्याकरण को अपनाएं, सरकार देगी 3 हजार रूपये प्रोत्साहन राशि