राष्ट्रनायक प्रतिनिधि।
मांझी (सारण)। मांझी थाना क्षेत्र के महम्मदपुर गांव स्थित एक ईंट भट्ठे पर अपराधियों ने कनपटी में गोली मार कर एक 22 वर्षीय युवक की हत्या कर दी और फरार हो गए। मृतक आकाश कुमार शैलेन्द्र उपाध्याय का पुत्र एवं महम्मदपुर की वर्तमान मुखिया सिया देवी का नाती है। शैलेन्द्र उपाध्याय पूर्व विधायक धूमल सिंह के करीबी बताये जाते हैं। जबकि शैलेन्द्र उपाध्याय के भाई सत्येन्द्र उपाध्याय पूर्व उप प्रमुख रह चुके हैं। वहीं मृतक की माँ वीणा देवी शिक्षिका हैं। घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार रविवार की देर शाम आकाश की माँ वीणा ने फोन कर आकाश से पूछा कि कहां पर हो तो उसने अपने चिमनी पर होने की बात बताई। घर लौटने में देरी होने पर जब दुबारा फोन किया गया तो बंद बताने लगा। उसके बाद परिजन चिंतित हो गए। उसके बाद खोजबीन करने निकल पड़े। जब चिमनी पर पहुंचे तो आकाश की बाइक लगी थी। मगर उसका कुछ पता नहीं था। खाफी खोजबीन के बाद आकाश कुछ दूर ईंट के खटाल के पास लहूलुहान अवस्था में पड़ा मिला। जब करीब पहुंच कर देखा गया तो उसकी मौत हो चुकी थी। कनपटी से खून निकल रहा था। मौत की जानकारी जब पूरे परिवार को मिली तो कोहराम मच गया। उसके बाद मांझी थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। कुछ देर बाद हीं पुलिस घटना स्थल पर पहुंच गई और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए छपरा भेज दिया। ऐसा अनुमान लगाया जा रहा है कि अपराधी बाइक से पहुंचे थे और घटना को अंजाम देकर फरार हो गए। घटना की जानकारी होने पर सोमवार की सुबह दरवाजे पर लोगों की भीड़ जुट गई। उधर पोस्टमार्टम के बाद जब शव दरवाजे पर पहुंचा तो परिजनों के चीख पुकार से माहौल पूरी तरह से गमगीन हो गया। बाद में ताजपुर घाट पर मृतक के शव का अंतिम संस्कार किया गया।


More Stories
सारण के सांसद रूडी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की हुई बैठक, विकास योजनाओं पर हुई चर्चा
कार्यपालक सहायकों ने स्थायीकरण की मांग को ले दी चरणबद्ध आंदोलन व अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी
चुनाव आयोग की मनमानी और अलोकतांत्रिक कार्रवाई के विरुद्ध सी पी आई(एम) ने निकाला प्रतिरोध मार्च, डीएम को ज्ञापन सौंपा