- मृतक के पुत्र ने दर्ज प्राथमिकी में सात लोगों को बनाया नामजद अभ्युक्त
- पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को किया गिरफ्तार
राष्ट्रनायक प्रतिनिधि।
बनियापुर (सारण)। होली का उमंग उस वक्त मातम में बदल गया जब बनियापुर थाना क्षेत्र के हरपुर छतवां टोला में रुपये की लेनदेन को लेकर दो पक्षों के बीच उत्पन्न बिवाद सुलझाने गए 45 वर्षीय व्यक्ति की पीटपीट कर हत्या कर दी गई। मृतक उतिम साह का पुत्र शिवबचन साह बताया जाता है। वह टैम्पू चला कर परिवार का भरण पोषण करता था।सोमवार की रात्रि मृतक के पड़ोसी बिजली साह और बिद्या प्रसाद के बीच रात्रि में मारपीट होने लगी। मृतक उस वक्त अपने कमरे में सोने जा रहा था। पर्व के मौके पर मारपीट की घटना को देखते हुए वह पड़ोसी के घर पहुंच मामले को सुलझाने का प्रयास करने लगा। इसी बीच बिद्या प्रसाद सहित आधा दर्जन से अधिक लोगों ने शिवबचन पर लाठी व लोहे की रड से ताबड़तोड़ प्रहार कर दिया। रड का प्रहार जैसे ही सिर पर हुई शिवबचन अचेत होकर जमीन पर गिर गया। जिसे आनन फानन में रेफ़रल अस्पताल बनियापुर लाया गया। जहाँ स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उसे सदर अस्पताल छपरा रेफर कर दिया गया। छपरा ले जाने के क्रम में ही अधेड़ ने दम तोड़ दिया। सदर अस्पताल के डॉक्टर ने अधेड़ को मृत घोषित कर दिया। पिता को पीटते देख बचाव में गई मृतक की पत्नी लालमुनी देवी, बेटी राजकुमारी, बेटा भीम कुमार सहित आधा दर्जन लोग भी गम्भीर रूप से घायल हो गए हैं। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 50 वर्षीय विद्या प्रसाद, 30 वर्षीय कैलाश प्रसाद तथा 19 वर्षीय अजित प्रसाद को गिरफ्तार कर लिया है। शेष नामजदों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी में जूटी है। इधर, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए शव को छपरा भेज दिया है। घटना की प्राथमिकी मृतक का पुत्र भीम कुमार ने दर्ज कराया है। दर्ज प्राथमिकी में बिद्या प्रसाद, कैलाश प्रसाद, अजित प्रसाद सहित सात लोगों को नामजद किया गया है। पुत्र ने बताया कि उसके पिता (शिवबचन साह) दो पक्षों के बीच चल रही मारपीट सुलझाने गए थे। तभी प्रथम पक्ष के बिद्या प्रसाद तथा उसके घर आये कुछ सम्बंधियों ने पिता के साथ गाली गलौज शुरू कर दिया। विरोध पर सभी ने मिलकर लाठी डंडे और रड का प्रहार कर दिया। जिससे पिता गम्भीर रूप से जख्मी हो गए और अस्पताल ले जाने के दौरान ही उनकी मृत्यु हो गई। चर्चा किया जा रहा है कि रुपये मांगने को लेकर ही विबाद शुरू हुआ था। रुपये मांगने को लेकर पहले भी मारपीट की घटना होने की बात बताई जा रही है।



More Stories
मुख्यमंत्री का अमर्यादित हरकत और शर्मनाक समर्थन
छपरा सदर प्रखंड के महाराजगंज पंचायत भवन में होगा विधिक जागरुकता शिविर का आयोजन
प्रत्येक गुरुवार को जिलाधिकारी उद्यमियों के साथ करेंगे संवाद, उनकी समस्याओं को दूर करने के लिये एवं उद्यम विकास के लिये किया जायेगा सक्रिय सहयोग