संजीव शर्मा। राष्ट्रनायक न्यूज।
मांझी (सारण)।रात में जाग कर दूसरों को सुरक्षा देने वाले मांझी में पदस्थापित पुलिस कर्मी खुद असुरक्षित हैं। पचास वर्ष पुरानी माँझी थाना भवन में रहने वाले पुलिस कर्मियों के ऊपर छत के नीचे से प्लास्टर व कंकड़ का बड़ा बड़ा टुकड़ा अक्सर गिरते रहता है। पुलिसकर्मी खुद को मजबूर समझकर किसी तरह ड्यूटी बजाने को विवश हैं। बार बार आग्रह के बावजूद विभाग भवन की मरम्मती की दिशा में कोई ठोस कदम नही उठा रहा है। दरअसल, माँझी थाने में पदस्थापित जवान जिस मकान में रहते हैं, वह जर्जर हालत में पहुंच गया है। खिड़की दरवाजे के साथ साथ छत के चटटान भी टूट टूट कर गिरने लगे हैं। बारिश का पानी छत से रिसकर कमरे के अंदर गिर रहा है। छत को बल्लियों का सहारा दिया गया है। ताकि, कभी कोई अनहोनी न होने पाए। विपरीत परिस्थतियों में रह रहे इन जवानों को न सिर्फ परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, बल्कि हादसे का भी डर बना रहता है। भवन की खस्ता हालत को लेकर आला अधिकारियों को कई बार अवगत भी कराया गया, लेकिन ठोस निर्णय नहीं लिए गए, जिससे उनकी परेशानी हल नही हुआ।
अंग्रेजो के जमाने मे थाने की हुई थी शुरुआत
बताया गया कि आजादी के समय में थाने की स्थापना हुई थी। तभी स्टाफ क्वार्टर भी बनाए गए थे। वर्षो पूर्व बने ये भवन पूरी तरह से जर्जर हो गए हैं। कभी भी कोई अनहोनी हो सकती है। यहां दर्जनों की संख्या में पुलिसकर्मी पदस्थापित हैं। लेकिन विभाग के पास उस अनुपात में भवन नहीं हैं। शुरुआती दौर में जो बैरक बनाए गए थे। वे भी अब खंडहर में तब्दील हो गए हैं। जवानों की माने तो थाने में भोजन बनाने तक की जगह नहीं बचती। स्वच्छता को लेकर प्रशासन स्तर से कई योजनाएं शुरू की गई हैं, लेकिन थाना परिसर में समुचित शौचालय तक की व्यवस्था नहीं है। इस वजह से महिला पुलिसकर्मियों को काफी मुश्किल होती है। सीरिस्ता कार्यालय में महत्वपूर्ण कागजात को बचाने के लिए पुलिसकर्मियों को प्लास्टिक टांग कर कागजातों की सुरक्षा करनी पड़ रही है। छत से घुसकर बारिश का पानी कमरों में टपकने लगता है। जिससे बचने के लिए उनके पास कोई उपाय नहीं है।



More Stories
मुख्यमंत्री का अमर्यादित हरकत और शर्मनाक समर्थन
छपरा सदर प्रखंड के महाराजगंज पंचायत भवन में होगा विधिक जागरुकता शिविर का आयोजन
प्रत्येक गुरुवार को जिलाधिकारी उद्यमियों के साथ करेंगे संवाद, उनकी समस्याओं को दूर करने के लिये एवं उद्यम विकास के लिये किया जायेगा सक्रिय सहयोग