राष्ट्रनायक न्यूज।
छपरा (सारण)। बिहार विधान परिषद के सदस्य केदारनाथ पांडेय ने प्रमंडलीय मीडिया प्रभारी प्रकाश कुमार सिंह के हवाले से एक वक्तव्य जारी कर सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के सारण, सिवान, गोपालगंज, पूर्वी चंपारण व पश्चिमी चंपारण जिलों के अनुदानित शिक्षण संस्थाओं के 67 शिक्षकों व कर्मियों की मृत्यु होने पर गहरा दु:ख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट की है। वक्तव्य में कहा गया है कि सारण में 37, सिवान में 08, गोपालगंज में 03, पूर्वी चंपारण में 16 और पश्चिमी चंपारण में 03 सहित कुल 67 अनुदानित कॉलेजों के शिक्षकों की मृत्यु बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। वक्तव्य में इनके आश्रितों को अविलंब चार लाख रुपए अनुग्रह अनुदान देने की मांग की गई है।
श्री पांडेय ने अपने वक्तव्य में शिक्षा विभाग और बिहार विद्यालय परीक्षा समिति पर आरोप लगाया है कि इन अनुदानित शिक्षण संस्थानों की जांच के नाम पर पिछले 4 वर्षों से इनके देय अनुदानों का भुगतान नहीं किए जाने से भी इनके परिवार के समक्ष गंभीर आर्थिक संकट है। यह भी इनकी मृत्यु का एक प्रमुख कारण है। ये समुचित इलाज और दवा के अभाव को झेलते रहे हैं। उन्होंने अनुदान और अनुग्रह अनुदान के भुगतान हेतु अविलंब कदम उठाने का सरकार से अनुरोध किया है। वरिष्ठ शिक्षक नेता डॉ. महात्मा प्रसाद गुप्ता, कुमार अर्णज, प्रकाश कुमार सिंह, भूपेश प्रसाद भीम, प्रो रज्जाक हुसैन, भृगुनाथ यादव, उपानंद पांडेय, विजय सिंह, बृजेश सिंह, मुकेश शर्मा आदि ने श्री पांडेय के द्वारा अनुदान की अविलंब मांग का समर्थन करते हुए इसे अत्यावश्यक बताया है।


More Stories
मुख्यमंत्री का अमर्यादित हरकत और शर्मनाक समर्थन
छपरा सदर प्रखंड के महाराजगंज पंचायत भवन में होगा विधिक जागरुकता शिविर का आयोजन
प्रत्येक गुरुवार को जिलाधिकारी उद्यमियों के साथ करेंगे संवाद, उनकी समस्याओं को दूर करने के लिये एवं उद्यम विकास के लिये किया जायेगा सक्रिय सहयोग