प्रो. संजय पाण्डेय। राष्ट्रनायक न्यूज।
छपरा (सारण)। लोक कलाकार भोजपुरी के महानायक भिखारी ठाकुर की 50 वीं पुण्यतिथि आज छपरा में स्मृति दिवस के रूप में उत्साहपूर्वक आयोजित की गई। सुबह 10 बजे शहर के पूर्वी भाग तेलपा में भिखारी ठाकुर चौक पर समाजियों के साथ ठाकुर जी की प्रतिमा पर शहर के गणमान्य प्रतिष्ठित लोगों ने विधानपार्षद डॉ. वीरेंद्र नारायण यादव के नेतृत्व में माल्यार्पण किया। माल्यार्पण करने वालों में छपरा सदर के अनुमण्डल अधिकारी अरूण कुमार सिंह, डॉ. (प्रो) लाल बाबू यादव, सत्यप्रकाश यादव, भिखारी ठाकुर पर शोध कार्य करने वाले युवा प्राध्यापक जैनेन्द्र दोस्त, भिखारी ठाकुर के प्रपौत्र सुशील ठाकुर, डॉ योगेंद्र प्रसाद यादव आदि प्रमुख थे। माल्यार्पण के मुख्य आकर्षण भिखारी ठाकुर के नाच मण्डली के जीवित कलाकार पद्मश्री रामचन्दर माझी थे। उपस्थित जन समुदाय को सम्बोधित करते हुए डॉ. वीरेंद्र नारायण यादव ने कहा कि भिखारी ठाकुर सारण के सांस्कृतिक धरोहर हैं और हमें उनकी विरासत को बचाकर रखनी चाहिए।
आज के आयोजन के दूसरे सत्र में भिखारी ठाकुर के गीतों एवं नाट्य प्रस्तुतियों पर केंद्रित सांस्कृतिक कार्यक्रम रामजयपाल महाविद्यालय, छपरा में प्राचार्य प्रो. इरफान अली की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ। रामेश्वर गोप और उनकी मण्डली के कलाकारों ने वाद्ययंत्रों के साथ भिखारी ठाकुर के विदेशिया, बेटी बेचवा एवं अन्य नाटकों से सम्बंधित कई गीतों यथा ‘बेटी-बिलाप, ‘बारहमासा’ आदि गीत सस्वर प्रस्तुति कर समा बांध दिया। कार्यक्रम में पद्मश्री रामचन्दर माझी को उनकी उपलब्धि पर शॉल देकर सम्मानित किया गया। आज के सांस्कृतिक कार्यक्रम में उदय नारायण सिंह, आरती सहनी, रणजीत भोजपुरिया, डॉ. लालबाबू यादव, जैनेन्द्र दोस्त, ईश्वर राम आदि उपस्थित थे। धन्यवाद ज्ञापन सत्यप्रकाश यादव ने किया।


More Stories
गड़खा के प्राथमिक विद्यालय औढ़ा माल का 10 दिनों में दो बार ताला तोड़कर चोरों ने हजारो रूपये के सामान की चोरी, गुहार लगाने गये शिक्षकों पर भड़की पुलिस
मतदान लोकतंत्र का आधार है, जगलाल चौधरी महाविद्यालय में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन
विधानसभा चुनाव की अधिसूचना जारी, नामांकन प्रक्रिया प्रारंभ: जिलाधिकारी