सरयू नदी के किनारे से ग्रामीणों ने हिरण को पकड़कर पुलिस को सौपा
मांझी(सारण)। स्थानीय थाना क्षेत्र के घोरहट गांव के सामने सरयू किनारे विचरण करते एक हिरण को पकड़ कर ग्रामीणों ने पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस द्वारा उसे बोलेरो में लादकर मांझी थाना परिसर लाया गया। बाद में स्थानीय वन कर्मियों की मौजूदगी में स्थानीय पशु चिकित्सक डॉ राकेश कुमार ने जख्मी हिरण का उपचार किया। बाद में वनरक्षी की देखरेख में स्थानीय वन विभाग के कार्यालय में जख्मी हिरण को रखा गया। लेकिन कुछ ही देर बाद धायल हिरण ने दम तोड़ दिया। उधर घोरहट के ग्रामीणों ने बताया कि हिरण गांव के समीप स्थित बगीचे में बेतहाशा दौड़ रहा था। कई कुत्ते उसका पीछा कर रहे थे। हिरण को कुत्तों के हमले से बचाने के क्रम में ग्रामीणों ने उसे घेर लिया तथा पकड़कर थानाध्यक्ष नीरज मिश्रा के नेतृत्व में पहुंची मांझी पुलिस के हवाले कर दिया। थानाध्यक्ष जख्मी हिरण को लेकर थाना पहुंचे जहां हिरण देखने भारी भीड़ उमड़ पड़ी। कुछ ही देर बाद हिरण ने दम तोड़ दिया। वनरक्षी शिवेन्द्र शेखर ने बताया कि हिरण का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसके शव को एकमा के मुकुंदपुर स्थित विभागीय नर्सरी परिसर में दफना दिया गया।


More Stories
मुख्यमंत्री का अमर्यादित हरकत और शर्मनाक समर्थन
छपरा सदर प्रखंड के महाराजगंज पंचायत भवन में होगा विधिक जागरुकता शिविर का आयोजन
प्रत्येक गुरुवार को जिलाधिकारी उद्यमियों के साथ करेंगे संवाद, उनकी समस्याओं को दूर करने के लिये एवं उद्यम विकास के लिये किया जायेगा सक्रिय सहयोग