राष्ट्रनायक न्यूज।
पटना/सारण: देश की सबसे बड़ी वर्दीधारी युवा संगठन भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के तीन दिवसीय नेशनल यूथ कॉलोक्विम कार्यक्रम की बुधवार को शुरूआत हुई। जिसमे सर्वप्रथम उपस्थित सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का राष्ट्रीय मुख्यालय की तरफ से स्वागत स्काउट-गाइड के सहायक निदेशक स्मृति सौरभ राय ने किया। तत्पश्चात कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित बहुचर्चित हास्य कवि पद्मश्री सुरेंद्र शर्मा ने किया। कार्यक्रम में शामिल युवाओं को संबोधित करते हुए श्री शर्मा ने कहा कि युवा हमारे देश का वर्तमान भी हैं और भविष्य भी। इसलिए देश के प्रति युवाओं की जिम्मेदारी सर्वाधिक है। युवाओं को यह सुनिश्चित करना होगा कि वो जाति, धर्म, मजहब, पंथ आदि से ऊपर उठकर किसी विशेष विचारधारा के प्रति समर्पित न हों बल्कि उनका समर्पण विचार के प्रति हो और वो विचार ‘भारत’ हो। जिस प्रकार हनुमान जी ने प्रभु श्रीराम को आत्मसात किया था ठीक उसी प्रकार हमारे युवाओं को तिरंगे को आत्मसात करने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि युवाओं को पतंग की तरह ऊपर उठने की जगह वृक्ष की तरह ऊपर उठना चाहिए क्योंकि जब आप पतंग की तरह ऊंचा उड़ोगे तब आपकी डोर किसी और के हाथों में होगी और वह अपनी सुविधा के अनुसार आपको आगे बढ़ने देगा, जबकि वृक्ष अपनी खुद की मर्जी का मालिक होता है और उसके बढ़ने से समाज को लाभ हीं होता है। इसलिए युवाओं को यह प्रण लेना चाहिए कि उनकी शक्ति-उनकी ऊर्जा किसी जरूरतमंद के उत्थान के लिए खर्च हो और समाज में एक सकारात्मक परिवर्तन आए। पद्मश्री सुरेंद्र शर्मा के संबोधन के बाद देश के उत्तर पूर्वी क्षेत्र तथा उत्तरी क्षेत्र के राज्यों के प्रतिभागियों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति के बाद भारत स्काउट और गाइड के निदेशक राज कुमार कौशिक ने युवाओं को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने भी सुरेंद्र शर्मा जी के संबोधन पर सहमति जताते हुए युवाओं को हर संभव जरूरतमंदों के उत्थान के लिए सकारात्मक पहल करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के संबंध में बिहार के राज्य युवा कमिटी के अध्यक्ष प्रतीक कुमार ने बताया कि औपचारिकताओं की समाप्ति के बाद कार्यक्रम को आगे बढ़ाते हुए सर्वप्रथम रिकमेंडेशन कमिटी के सदस्यों के नामों की घोषणा की गई। कर्नाटक राज्य के रोवर के.वी. दीपक को रिकमांडेशन कमिटी का अध्यक्ष मनोनीत किया गया। रिकमंडेशन कमिटी की घोषणा होने के बाद राष्ट्रीय युवा कमिटी के अध्यक्ष कुमार रितेश अग्रवाल ने ‘वर्ल्ड स्काउट यूथ इंगेजमेंट पॉलिसी’ पर विस्तार से चर्चा की और प्रतिभागियों को इससे अवगत कराया।
अंत में उप निदेशक बाल कार्यक्रम अरूप सरकार ने स्काउट व रोवर्स के वर्दी में संशोधन को लेकर सामने आए प्रस्तावों पर चर्चा की। इस चर्चा के दौरान विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधि रोवर्स ने भी वर्दी में होने वाले बदलावों को लेकर अपने सुझाव दिए। कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय युवा कमिटी की उपाध्यक्ष अयन्तिका कुंडू, सदस्य के.वी. दीपक, वैष्णवी यादव, अरुण कुमार, वर्षा रानी महाराणा एवं संघमित्रा गौतम ने तथा धन्यवाद ज्ञापन राष्ट्रीय युवा कमिटी के अध्यक्ष कुमार रितेश अग्रवाल ने किया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से संयुक्त निदेशक (स्काउट) कार्यक्रम एवं प्रशिक्षण अमर बी. क्षेत्री, कार्यकारी निदेशक कृष्णा स्वामी आर, सहायक निदेशक स्मृति सौरव राय, अनालेंद्र शर्मा, शिवांगी सक्सेना, कुमुद मेहरा, बबलू गोस्वामी आदि मुख्य भूमिका में थे।


More Stories
मुख्यमंत्री का अमर्यादित हरकत और शर्मनाक समर्थन
छपरा सदर प्रखंड के महाराजगंज पंचायत भवन में होगा विधिक जागरुकता शिविर का आयोजन
प्रत्येक गुरुवार को जिलाधिकारी उद्यमियों के साथ करेंगे संवाद, उनकी समस्याओं को दूर करने के लिये एवं उद्यम विकास के लिये किया जायेगा सक्रिय सहयोग