राष्ट्रनायक न्यूज।
छपरा (सारण)। एकमा थाना क्षेत्र के भरहोपुर गांव की एक महिला को अज्ञात लोगों ने बुधवार की शाम को उस वक्त अपहरण कर लिया गया। जब वह दाउदपुर थाना क्षेत्र के कोहड़ा बाजार में अपने पति के साथ कुछ जरूरी सामानों की खरीददारी करने गयी थी। जिसके बाद घटना की सूचना पाकर पुलिस खोजबीन में जुट गई। इस बीच बुधवार की रात में एकमा-सहाजितपुर सड़क पर जिरात गांव के समीप उक्त महिला घायल व बेहोशी की हालत में पायी गई।
बताया जाता है कि राहगीरों की सूचना पर जिला पार्षद प्रतिनिधि हरेराम यादव ने अपने नजदीकी मित्रों नारद पाठक, विपीन शर्मा, राजू श्रीवास्तव, माधो बारी व साधू यादव के सहयोग से सड़क पर घायल व बेहोश अवस्था में पड़ी महिला को अपने निजी वाहन से लाकर एकमा स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं इस घटना की जानकारी जिला पार्षद प्रतिनिधि हरेराम यादव ने पुलिस को फोन करके सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने तत्काल निजी अस्पताल में पहुंचकर महिला की शिनाख्त करके इसकी जानकारी घायल महिला दिव्या देवी के पति भरहोपुर गांव निवासी अभिषेक सिंह को दिया।पुलिस की सूचना पर दिव्या देवी के पति व परिजन तत्काल निजी अस्पताल में पहुंचे। जहां दिव्या देवी का उपचार जारी है। इस संबंध में दिव्या देवी के पति अभिषेक सिंह ने बताया है कि फिलहाल वह दाउदपुर थाना क्षेत्र के बरवां गांव स्थित अपने ससुराल में सपरिवार रहते हैं। उन्होंने बताया कि इन दिनों उनके और उनकी पत्नी के मोबाइल पर लगातार धमकी मिल रही थी। जिसकी लिखित सूचना दाउदपुर थाने की पुलिस को दी गई है। महिला के पति अभिषेक सिंह ने बताया कि बुधवार की दोपहर में सीवान से लौटने के बाद संध्या में कोहड़ा बाजार दवा और सब्जी खरीदने के लिए बाइक से पति-पत्नी साथ में गये थे। अभिषेक दवा खरीद कर ससुराल में देने के लिए चले गए और दिव्या देवी सब्जी खरीदने के लिए चली गयी। इसी दौरान काले रंग के स्कॉर्पियो वाहन पर सवार दो अज्ञात लोगों ने नाटकीय ढ़ंग से दिव्या देवी को कोहड़ा बाजार से अगवा कर लिया। जिसकी सूचना अभिषेक सिंह ने दाउदपुर पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस मामले की छानबीन में जुट गयी। बताया जाता है कि पकड़े जाने के भय से अपहरणकर्ताओं ने एकमा-सहाजितपुर सड़क पर जिरात गांव के समीप दिव्या देवी को घायल व बेहोशी हालत में सड़क पर छोड़ कर फरार हो गये। इस संबंध में दाउदपुर थाने में दो अज्ञात अपहरणकर्ताओं के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करायी गयी है। पुलिस मामले की तहकीकात में जुट गई है। इस घटना को लेकर क्षेत्र में तरह तरह-तरह की चर्चा हो रही है।


More Stories
मुख्यमंत्री का अमर्यादित हरकत और शर्मनाक समर्थन
छपरा सदर प्रखंड के महाराजगंज पंचायत भवन में होगा विधिक जागरुकता शिविर का आयोजन
प्रत्येक गुरुवार को जिलाधिकारी उद्यमियों के साथ करेंगे संवाद, उनकी समस्याओं को दूर करने के लिये एवं उद्यम विकास के लिये किया जायेगा सक्रिय सहयोग