पटना। सूबे में तेजी से ठंड दस्तक दे रही है। राजधानी समेत राज्य भर में अधिकतम तापमान में तेजी से गिरावट आ रही है। मौसम विज्ञान केंद्र पटना से मिली जानकारी के अनुसार बीते 24 घंटे में राज्य के उतर पूर्व के एक दो जगहों पर हल्की बारिश दर्ज की गई है। मुख्य रूप से राज्य के वीरपुर में 10 मिलीमीटर, ठाकुरगंज में 8.6 मिलीमीटर और गलगलिया में 4.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। उधर, प्रदेश में लगातार अधिकतम तापमान में कमी आ रही है। अधिकतम तापमान के लगातार कम होने के कारण ठंड ने तेजी से पांव पसारने शुरू कर दिए हैं। राज्य के अधिकतर जिलों में औसत तापमान 30 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा है। जबकि न्यूनतम तापमान 20 से 22 डिग्री के बीच रह रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र पटना के ओर से जारी बुलेटिन के अनुसार सूबे में सबसे अधिक तापमान खगड़िया में 34.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि सबसे कम तापमान 18.0 डिग्री गया में दर्ज किया गया।
मौसमी आंकडों के विश्लेषण से ज्ञात हुआ है कि चक्रवातीय परिसंचरण का क्षेत्र दक्षिण पूर्व बांगलादेश और आसपास में 3.1 किमी तक विस्तारित है। इसके अलावा उतर दक्षिणी ट्रफ रेखा जो शुक्रवार तक झारखंड होते विदर्भ व छतीसगढ तक विस्तारित थी, अब कमजोर पड़ रही है। इससे राज्य भर में अब मौसम के शुष्क रहने का पूवार्नुमान जताया गया है। मौसम वैज्ञानिकों का दावा है कि इस महीने के 27 नवंबर तक राज्य भर में मौसम शुष्क बना रहेगा। कहीं भी बारिश की संभावना नहीं जताई गई है। साथ ही राजधानी समेत राज्य भर तापमान में कमी आ रही है। शनिवार को पटना का अधिकतम तापमान 27 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तापमान में कमी आने के साथ ही अब राज्य भर में सुबह के समय सिहरन बढ़ने से ठंड महसूस होने लगी है।


More Stories
भारत में भ्रष्टाचार और अपराध के कारण तथा उनका निवारण
पाटलिपुत्र-छपरा पेसेंजर ट्रेन को रद्द करना जनहित के विपरीत
मुख्यमंत्री ने सारण जिले में चल रही विकासात्मक योजनाओं के संबंध में की समीक्षा बैठक