राष्ट्रनायक न्यूज

Rashtranayaknews.com is a Hindi news website. Which publishes news related to different categories of sections of society such as local news, politics, health, sports, crime, national, entertainment, technology. The news published in Rashtranayak News.com is the personal opinion of the content writer. The author has full responsibility for disputes related to the facts given in the published news or material. The editor, publisher, manager, board of directors and editors will not be responsible for this. Settlement of any dispute

मांझी में खुदाई के दौरान प्राचीन कालीन कुआं मिला, देखने को उमड़ी लोगों की भीड़

  • सुधांशु रंजन सहित क्षेत्रीय लोगों ने पुरातत्व विभाग से खुदाई कराने की मांग की
राष्ट्रनायक न्यूज।
मांझी/महमदपुर/सारण (संजय पांडेय/नितेश कुमार सिंह)। मांझी-बनवार पथ के समीप एक खेत में जमीन के भीतर एक प्राचीन कालीन मीनार जैसी आकार वाला गहरा कुआं मिला है। जिसे लेकर आसपास के गांवों में अटकलों का दौर शुरू हो गया है। जैसे ही लोगों को कुआँ की जानकारी मिली। देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। प्राचीन काल में अजीबोगरीब ईंट से निर्मित तथा लगभग सवा दो फुट के ब्यास में निर्मित यह कुंआ है। कितना गहरा है अथवा किस काल का है तथा इसके निर्माण के पीछे कौन सा उद्देश्य रहा होगा? इसे लेकर स्थानीय स्तर पर व्यापक चर्चा हो रही है। सोशल मीडिया पर वायरल विडीओ पर जबरदस्त बहस भी हो रही है। स्थानीय लोगों ने पुरातत्व विभाग से खुदाई कराकर जमीन के दफन इस राज को उजागर करने की मांग की है। समतल जमीन से महज एक डेढ़ फुट नीचे मिले इस अनूठे कुएं को कई लोग मुगल कालीन इतिहास से जुड़ा बता रहे हैं। जबकि कई लोग इसे अंग्रेजों के जमाने में निर्मित होने की संभावना जता रहे हैं। बावजूद इसके इस कुएं अथवा मीनार को लेकर लोग भ्रम की स्थिति में हैं। इसके निर्माण में बड़े बड़े अनोखे ईंट का प्रयोग किया गया है। ईंट ऊपर से सामान्यतया लाल रंग का है। जबकि उसे तोड़ने पर ईंट के भीतर से गहरे काले रंग की गीली मिट्टी निकल रही है। कुंए के ऊपर ईंट का बना एक बड़ा सा ढक्कन रखा हुआ था जिसे तोड़ने के बाद नीचे से कीचड़ व पानी निकलने लगा। परत दर परत अनूठे ईंट से जोड़कर इस कुंए अथवा मीनार का निर्माण किया गया है। कई लोग इस कुएं को ऐतिहासिक मांझी गढ़ के इतिहास से भी जोड़कर देख रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने करीब दो मीटर गहराई तक कि मिट्टी निकाल कर इसे समझने का प्रयास किया। लेकिन नीचे से निकल रहे पानी की वजह से लोगों ने खुदाई बन्द कर दी है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे विडीओ के मद्देनजर सीओ धनंजय कुमार ने भी उक्त स्थल का निरीक्षण किया तथा पुरातत्व विभाग को इस मामले से अवगत कराने की जानकारी दी। उक्त स्थल मांझी प्रखण्ड मुख्यालय से महज तीन किलोमीटर उत्तर स्थित मांझी बनवार मार्ग के समीप अवस्थित है। उधर बिहार विधान परिषद के सारण स्थानीय निकाय प्रत्याशी सुधांशु रंजन ने पुरातत्व विभाग से सारण जिले के मांझी के बनवार के समीप खुदाई के दौरान मिले प्राचीन कुएं को पुरातत्व विभाग से अध्ययन कराने की मांग की है।