- अधिकारी व जनप्रतिनिधि बने मुकदर्शक
राष्ट्रनायक न्यूज।
एकमा/सारण (चंद्रशेखर यादव)। पिछले चार दिनों से कड़ाके की कंपकंपाती ठंड के प्रकोप से जनजीवन अस्त-व्यस्त है। लोग घरों में दुबके रहने को मजबूर हैं। वहीं नगर पंचायत एकमा बाजार क्षेत्र में अलाव की व्यवस्था नहीं होने से रेल यात्रियों, अस्पताल आने-जाने वाले रोगियों व उनके साथ के सहयोगियों, हाट-बाजार करनेवालों, ठेला चलाने वालों, टेम्पू चलाने वालों एवं सड़क किनारे फूटपाथ दुकानदारों को इस कंपकंपाती ठण्ड में काफी परेशानी हो रही है। लेकिन नगर पंचायत प्रशासन की ओर से अलाव की कोई व्यवस्था नहीं करने से इस क्षेत्र के लोग खासकर ग़रीब तबका के लोगों को काफी प्रतिकूल परिस्थितियों का सामना करना पड़ रहा है। बुधवार को ब्लॉक रोड एकमा के व्यापार मंडल के समीप टेंपो चालकों द्वारा कूड़ा करकट और खुद के प्रयास से कुछ लकड़ियां इकट्ठा करके अलाव जलाकर ठंड से बचने का प्रयास करते देखा गया। हैरतअंगेज तथ्य तो यह है कि एकमा बाजार नगर पंचायत कार्यालय के निकट ही अवस्थित प्रखण्ड मुख्यालय परिसर भी है। बावजूद इसके मुख्यालय में भी वरीय अधिकारी से लेकर नगर पंचायत एकमा बाजार के कार्यपालक पदाधिकारी तक एवं वार्ड पार्षद से लेकर विधायक तक मुकदर्शक बने हुए हैं। इस कड़ाके की ठण्ड में जनप्रतिनिधि कार्यालयों का उद्धाटन तो करते फिर रहे हैं। लेकिन इस हड्डी तोड़ कंपकंपाती ठण्ड में चौक-चौराहों, सार्वजनिक स्थाऩों जैसे रेलवे स्टेशन के बाहर, डाकघर, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, प्रखण्ड मुख्यालय, बस स्टैंड टेंपो स्टैंड, बाजार आदि में आदि स्थानों पर अलाव जलवाने के बारे में उन्हें शायद स्मरण ही नहीं है। मीडिया को समाज का दर्पण कहा गया है। इसलिए मीडिया अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए जिम्मेदार पदाधिकारियों सहित समाजसेवियों व जनप्रतिनिधियों से जरुरी स्थानों को चिन्हित कर अलाव जलवाने के लिए स्मरण करा रहा है।


More Stories
मुख्यमंत्री का अमर्यादित हरकत और शर्मनाक समर्थन
छपरा सदर प्रखंड के महाराजगंज पंचायत भवन में होगा विधिक जागरुकता शिविर का आयोजन
प्रत्येक गुरुवार को जिलाधिकारी उद्यमियों के साथ करेंगे संवाद, उनकी समस्याओं को दूर करने के लिये एवं उद्यम विकास के लिये किया जायेगा सक्रिय सहयोग