राष्ट्रनायक न्यूज।
छपरा (सारण)। पानापुर प्रखंड मुख्यालय स्थित ई किसान भवन में बुधवार को बीडीसी की पहली बैठक संपन्न हुई। प्रखंड प्रमुख पुष्पा देवी एवं प्रभारी पंचायती राज पदाधिकारी तरुण कुमार की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में शिक्षा एवं स्वास्थ्य का मुद्दा छाया रहा। बैठक की शुरुआत में प्रभारी पंचायती राज पदाधिकारी ने सभी नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों का एकदूसरे से परिचय कराया। बाद में उन्होंने सात स्थायी समितियों के गठन पर चर्चा करते हुए बताया कि प्रत्येक स्थायी समिति में कम से कम तीन सदस्य होंगे। उन्होंने बताया कि यह समिति भी अलग से अपनी बैठक आयोजित कर विभिन्न योजनाओं एवं समस्याओं को बीडीसी की बैठक में पटल पर रख सकेंगे। धेनुकी पंचायत के बीडीसी सदस्य श्रीभगवान प्रसाद ने अपनी आपबीती सुनाते हुए एक जनवितरण दुकानदार द्वारा दुर्व्यवहार की शिकायत की। उन्होंने कहा कि वह जनवितरण दुकानदार 5 किलो के बदले 4 किलो अनाज देता है। उन्होंने कोरोनाकाल के दौरान मध्य विद्यालय धेनुकी में एमडीएम योजना के खाद्यान्न वितरण में अनियमितता की भी शिकायत की। वहीं रसौली पंचायत के बीडीसी बिंदेश्वरी सिंह ने बीईओ से विद्यालयों के खुलने एवं बंद होने की जानकारी एवं शिक्षकों की सूची उपलब्ध कराने की मांग की।भोरहा पंचायत की बीडीसी सदस्या वीणा देवी ने भोरहा पंचायत में आशा कार्यकर्ताओं की बहाली का मुद्दा उठाते हुए कहा कि यह बहाली नियमों को ताक पर रखकर की गयी है। उन्होंने इसकी जांच कराने की मांग की। इसके अलावे सदस्यों ने आंगनबाड़ी, रसौली स्थित जमींदारी बांध का भी मुद्दा उठाया। बैठक में बीडीओ राकेश रौशन, सीओ रणधीर प्रसाद, बीईओ अशोक कुमार, उप प्रमुख कुसुम देवी, एमओ अजीत कुमार, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी ज्ञान रंजन, मुखिया अमरेंद्र कुमार सिंह, पूनम देव आदि शामिल रहे।


More Stories
मुख्यमंत्री का अमर्यादित हरकत और शर्मनाक समर्थन
छपरा सदर प्रखंड के महाराजगंज पंचायत भवन में होगा विधिक जागरुकता शिविर का आयोजन
प्रत्येक गुरुवार को जिलाधिकारी उद्यमियों के साथ करेंगे संवाद, उनकी समस्याओं को दूर करने के लिये एवं उद्यम विकास के लिये किया जायेगा सक्रिय सहयोग