राष्ट्रनायक न्यूज।
मढ़ौरा (सारण)। सारण के मढ़ौरा में बाइक सवार लुटेरों ने दिनदहाड़े स्वर्णपट्टी में गोलीबारी की और आभूषणों से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। गोलीबारी में आरके ज्वेलर्स के प्रोपराइटर ब्रजभूषण सोनी और एक स्टाफ अनिल कुमार यादव गंभीर रूप से जख्मी हो गए। ब्रजभूषण सोनी के हाथ में जबकि अनिल कुमार यादव के सिर में गोली लगी। एक गोली एक अन्य कर्मचारी भृगुनाथ सिंह के कमर की बेल्ट छूती हुई निकल गई। वारदात के बाद बाइक सवार अपराधी भागने में सफल रहे।घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायलों को रेफरल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन गंभीर स्थिति देख डॉक्टरों ने उन्हें छपरा रेफर कर दिया। हालांकि उन्हें छपरा सदर अस्पताल से भी पटना के लिए रेफर कर दिया गया। पटना लाने के क्रम में अनिल यादव (27 वर्ष) की मौत हो गई। इधर मौत के बाद व्यवसायी आक्रोशित होकर सड़क पर उतर गए। मौके पर एसडीपीओ और अनुमंडल प्रशासन के अधिकारियों ने पहुंच स्थिति का जायजा लिया। लोगों का आक्रोश देख स्थानीय एसडीओ योगेंद्र कुमार ने स्वयं घटना की मॉनिटरिंग करने का आश्वासन देकर मामला शांत कराया और रोड जाम करने के लिए जुटी भीड़ को हटाया।
3 बाइक पर सवार होकर आए थे 7 अपराधी, हथियार लहराते निकल गए
घटनास्थल के पास मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि तीन बाइक पर सवार होकर सात लुटेरे आए थे। घटना को अंजाम देकर आसानी से हथियार लहराते हुए मुख्य बाजार से सब्जी मंडी की तरफ निकलकर फरार हो गए। वारदात के बाद मढ़ौरा के कारोबारियों में दहशत है। बाजार की सभी दुकानें बंद हो गई हैं। पुलिस ने सभी चौक-चौराहों पर वाहनों की जांच बढ़ा दी है।
आभूषण से भरे बैग समेत नगद भी ले गए, रकम का अभी आकलन नहीं
वारदात में कितना नकद और कितने कीमत के आभूषणों की लूट हुई है, इसपर घायल कारोबारी के बयान का इंतजार किया जा रहा है। स्थानीय दुकानदारों के अनुसार मढ़ौरा के सभी स्वर्ण व्यव्सायी प्रायः बैग में आभूषण रखते हैं। इन्हें ग्राहकों को दिखाने के लिए डिस्पले में लगाया और फिर निकाला जाता है।


More Stories
मुख्यमंत्री का अमर्यादित हरकत और शर्मनाक समर्थन
छपरा सदर प्रखंड के महाराजगंज पंचायत भवन में होगा विधिक जागरुकता शिविर का आयोजन
प्रत्येक गुरुवार को जिलाधिकारी उद्यमियों के साथ करेंगे संवाद, उनकी समस्याओं को दूर करने के लिये एवं उद्यम विकास के लिये किया जायेगा सक्रिय सहयोग