छपरा(सारण)। जिले के एकमा प्रखंड में कार्यरत कार्यपालक सहायक चंदन कुमार के आकस्मिक निधन पर सभी प्रखंडों में शोक सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान कार्यपालक सहायक एवं प्रखंड के सभी कर्मियों ने चंदन कुमार के आकस्मिक निधन पर गोहरी शोक संवेदना प्रकट की। साथ ही उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। वक्ताओं ने कहा कि चंदन बहुत ही मिलनसार एवं कर्मठ व्यक्ति थे। वे अपने कार्य के प्रति काफी ईमानदार थे। जानकारी के अनुसार बीते शनिवार को अपने कार्यालय से कार्यों का निबटारा करके मढ़ौरा स्थित अपने आवास पर लौट रहे थे। इसी दौरान दुर्घटना होने से तालाब में गिर गए और डूबने से मौत हो गई। जिससे जिले के सभी विभागों में कार्यरत कार्यपालक सहायकों में शोक व्याप्त है। सारण जिला कार्यपालक सहायक संघ के जिलाध्यक्ष निलेश कुमार ने सरकार से मृत कार्यपालक सहायक के परिजनों को एक सरकारी नौकरी एवं 50 लाख रुपए मुआवजा व पेंशन देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि सरकार कार्यपालक सहायक के परिजनों के प्रति दोहरी नीति अपनाकर उनका शोषण कर रही है। किसी भी कार्यपालक सहायक के साथ कोई भी अप्रिय घटना होती है तो कार्यपालक सहायक गरीबी के काल के गाल में समा जाते हैं। उनके परिजनों को जीवन यापन के लिए दर-दर की ठोकरें खानी पड़ती है। ऐसे में सरकार कार्यपालक सहायकों के सेवा शर्त में बदलाव करते हुए मृतकों के परिजनों को एक सरकारी नौकरी और मुआवजा एवं पेंशन की व्यवस्था करनी चाहिए। उन्होंने बताया कि जिले के करीब आधा दर्जन से अधिक कार्यपालक सहायक अकाल मौत के गाल में समा चुके हैं। सरकार द्वारा उनके परिजनों को कुछ नहीं किया है। जिससे आज मजदूरी कर जीवन यापन करने को मजबूर है। जिससे ऐसा प्रतीत हो रहा है कि कार्यपालक सहायक सरकारी नौकरी नहीं बल्कि छोटी-छोटी प्राइवेट कंपनी में काम कर रहे हैं। इस मौके पर जिले के बनियापुर, जलालपुर, मढ़ौरा, लहलादपुर, दरियापुर, गरखा, अमनौर, एकमा, मसरक समेत सभी प्रखंड कार्यालयों में शोक सभा का आयोजन किया गया। जिसमें सभी कार्यपालक सहायक एवं लिपिक शामिल हुए।


More Stories
मुख्यमंत्री का अमर्यादित हरकत और शर्मनाक समर्थन
छपरा सदर प्रखंड के महाराजगंज पंचायत भवन में होगा विधिक जागरुकता शिविर का आयोजन
प्रत्येक गुरुवार को जिलाधिकारी उद्यमियों के साथ करेंगे संवाद, उनकी समस्याओं को दूर करने के लिये एवं उद्यम विकास के लिये किया जायेगा सक्रिय सहयोग