राष्ट्रनायक न्यूज।
बनियापुर (सारण)। महिला मुखिया के साथ मारपीट करने एवं पचास हजार रुपये रंगदारी मांगने के मामले में मुखिया के बयान पर बनियापुर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामला बनियापुर के पिठौरी पंचायत का है। दर्ज प्राथमिकी में पीड़ित मुखिया ने गांव के ही दो युवकों को नामजद कर पुलिस- प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है। दर्ज प्राथमिकी में मुखिया किरण कुमारी ने बताया है कि अपने घर मे थी तभी दोपहर बाद पिठौरी वार्ड संख्या 04 के निवासी 28 वर्षीय धनंजय सिंह एवं 26 वर्षीय प्रवीण कुमार मेरे दरबाजे पर पहुँचे। जहाँ मेरी सास शिवझरी देवी पहले से खड़ी थी। दोनों आदमी घर मे घुसने लगे और जब मेरी सास ने विरोध किया तो उन्हें धक्का देकर गिरा दिए एवं घर में घुस मुझे गाली देते हुए बोले कि तुम्हारे पति कहाँ है।पचास हजार रुपये रंगदारी लेनी है। इससे पहले की मैं कुछ बोल पाती धनंजय सिंह ने मेरा हाथ पकड़कर खींच दिया और मैं गिर पड़ी।इस दौरान नामजदों ने मेरे गले से डेढ़ भर का सोने का चेन और मंगल सूत्र नोंच लिया। हल्ला- गुल्ला की आवाज पर आसपास के लोग इकठ्ठा हुए तबतक दोनों नामजद धमकी भरे लहज़े में यह कहते हुए फरार हो गए की तुम्हारा पति आ रहा है, तो रंगदारी की रकम भेजवा देना नहीं तो दोनों को गोली मार देंगे। इधर रंगदारी, महिला प्रताड़ना एवं गृहभेदन सहित अन्य सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी है। मामले में अबतक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
जनप्रतिनिधियों ने की घटना की कड़ी निंदा
महिला मुखिया से मारपीट एवं रंगदारी मांगे जाने की घटना को लेकर जनप्रतिनिधयों ने खेद व्यक्त किया है। वीआईपी के पूर्व प्रदेश सचिव सह सरेया पंचायत के पूर्व मुखिया श्रवण कुमार ने अपने शिष्टमंडल के साथ पीड़ित मुखिया के घर पहुँच मामले की जानकारी लेने के बाद कहा कि केंद्र व राज्य सरकार सुशासन की दवा करती है। मगर स्थिति यह है कि आम- अवाम की कौन कहे जनप्रतिनिधि तक खुद को असुरक्षित महशुस रहे हैं। वहीं पूर्व मुखिया ने तंज कसते हुए कहा की सारण निकाय चुनाव में पंचायतस्तरीय जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा के सवाल को लेकर कई बड़े बड़े वादे किये गए थे। मगर इसको लेकर अबतक कोई पहल नही की गई है। नतीजतन आये दिन जिले के किसी न किसी पंचायत में इस तरह की घटना होती रहती है। मौके पर मुखिया प्रतिनिधि उपेन्द्र कुमार साह उर्फ अरुण कुमार, मुखिया अनिल शर्मा,रूपेश कुमार, विजय महतो, संतोष साह,धर्मेन्द्र बैठा, सरोज राय, लालमुन्नी देवी सहित दर्जनों लोग उपस्थित थें।
फ़ोटो (पीड़ित मुखिया से घटना की बावत जानकारी लेते जनप्रतिनिधि)।


More Stories
मुख्यमंत्री का अमर्यादित हरकत और शर्मनाक समर्थन
छपरा सदर प्रखंड के महाराजगंज पंचायत भवन में होगा विधिक जागरुकता शिविर का आयोजन
प्रत्येक गुरुवार को जिलाधिकारी उद्यमियों के साथ करेंगे संवाद, उनकी समस्याओं को दूर करने के लिये एवं उद्यम विकास के लिये किया जायेगा सक्रिय सहयोग