- प्रथम राष्ट्रपति देशरत्न डॉ राजेंद्र प्रसाद की प्रतिमा पर हुए माल्यार्पण
- सांसद के 45 मिनट के संबोधन में जुबान पर नहीं आया महाराजगंज का नाम
राष्ट्रनायक न्यूयज।
छपरा (मनींद्र नाथ सिंह मुन्ना)। एकमा प्रखंड के रसूलपुर बाजार में भाजपा किसान मोर्चा की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केन्द्र सरकार के आठ साल के कार्यकाल पूरा होने पर धन्यवाद यात्रा निकाली गई। इस दौरान धन्यवाद यात्रा में शामिल सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल, जिलाध्यक्ष रामदयाल शर्मा, जिला उपाध्यक्ष तारा देवी, वृजमोहन सिंह, महामंत्री अनिल सिंह, वरीय नेता सुदामा तिवारी, बलवंत जी, गड़खा के पूर्व विधायक ज्ञानचंद मांझी,, प्रतिनिधि मिथिलेश प्रसाद, उप मुखिया मनोज सोनी, जिलाध्यक्ष किसान मोर्चा बबलू मिश्रा, उपाध्यक्ष किसान मोर्चा जितेंद्र सिंह, अरबिंद सिंह, भाजपा नेता वीरेंद्र पांडेय, चैतेंद्रनाथ सिंह, बंटी ओझा, पश्चिमी मंडल अध्यक्ष अविनाश चंद्र उपाध्याय, मुकेश कुमार सिंह, प्रदीप कुमार सिंह पप्पू, अमरजीत सिंह, अखिलेश्वर प्रसाद भोला जी, सरपंच प्रतिनिधि विकास कुमार, ओमप्रकाश सिंह, बीरेश सिंह, पैक्स अध्यक्ष सुजीत कुमार सिंह, पैक्स प्रबंधक सुबोध सिंह, ईश्वर चंद्र तिवारी, मनोज पांडेय आदि ने रसूलपुर तिराहे पर पहुंच कर सारण के माटी के लाल व भारत के प्रथम राष्ट्रपति देशरत्न डॉ राजेंद्र प्रसाद की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया।
इस अवसर पर सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने आयोजित धन्यवाद सभा को संबोधित करते हुए केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार के कार्यकाल को आठ साल बेमिसाल बताया। नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में इन आठ वर्षों को भविष्य में उस काल खंड के रूप में जाना जाएगा। जिसमें भारत में आमूलचूल बदलाव हुए एकजुट प्रयासों से योजनाओं और उनकी बेहतर निगरानी ने देश के गरीबों के जीवन में अभूतपूर्व बदलाव किया है। 2014 में स्वच्छ भारत अभियान शुरू किया गया और पांच साल में देश खुले में शौच से मुक्त हो गया। ग्रामीण क्षेत्रों में 1.65 करोड़ घर बने जहां अन्य योजनाओं के जरिए बिजली, पानी, गैस और शौचालय की सुविधा दी गई। 2017 में सौभाग्य योजना शुरू हुई और 18 महीने में ही 2.63 करोड़ घरों में बिजली कनेक्शन पहुंचाया गया।
उन्होंने कहा कि देश में 2 अरब के करीब कोविड वैक्सीन की डोज़ लगाई जा चुकी है। मोदी सरकार ने दुनिया भर में वैक्सीन निर्यात किए हैं। मार्च, 2020 में महामारी शुरुआत से ही 80 करोड़ लोगों को राशन उपलब्ध कराया जा रहा है। बीते आठ वर्षों में प्रशासन को भी नए सिरे से परिभाषित किया गया है। भारत ने बैंक खाता खोलने के मामले में गिनीज वर्ल्ड रिकार्ड बना लिया। आधार के जरिए एक अरब से ज्यादा लोगों को बायोमेट्रिक व्यवस्था में जोड़ा गया। वहीं मोबाइल के प्रयास ने वित्तीय समावेशन को सुनिश्चित करने में बड़ी भूमिका निभाई। इस तिकड़ी के जरिए 6.5 लाख करोड़ रुपए का लाभ सीधे लोगों के खाते में भेजा जा चुका है। डिजिटल पेमेंट को अद्वितीय विस्तार मिला है। स्थानीय सब्जी वाले से लेकर बड़े-बड़े स्टार्ट तक, हर जगह यूपीआई क्यूआर कोड से पेमेंट हो रही है। अप्रैल, 2022 में यूपीआई के जरिए 9.8 लाख करोड़ रुपये के कुल 5.6 अरब लेन- देन हुए हैं।
सांसद के 45 मिनट के संबोधन में जुबान पर नहीं आया महाराजगंज का नाम
प्रखंड के रसूलपुर बाजार में भाजपा के किसान मोर्चा द्वारा आयोजित धन्यवाद सभा को सांसद द्वारा लगभग 45 मिनट तक संबोधित किया गया। इस दौरान सांसद द्वारा मोदी सरकार की आठ साल की उपलब्धियां गिनाई। संबोधन समापन के बाद रसूलपुर और एकमा वासियों को मलाल इस बात को लेकर रहा कि इतने लंबे संबोधन में महाराजगंज संसदीय क्षेत्र अथवा एकमा-रसूलपुर शब्द का उच्चारण एक बार भी सांसद के मुख से नहीं किया गया। लोगों को उम्मीद थी कि सांसद द्वारा एकमा रेलवे स्टेशन पर वैश्विक कोरोना महामारी काल के दौरान बंद हुई रेलगाड़ियों के पुन: चलवाने और चल रही रेल गाड़ियों के पहले से एकमा में ठहराव को रेलवे द्वारा बंद किए जाने के बाद पुनः एकमा में ठहराव को शुरू कराने की दिशा में जनहित में प्रयासों को सार्वजनिक किया जाएगा। वहीं रसूलपुर स्थित महेंद्रानाथ हाल्ट पर कुछ माह पूर्व सांसद द्वारा फुट ओवरब्रिज निर्माण की प्रगति संबंधी चर्चा भी की जाएगी। लेकिन जन आकांक्षाओं के अनुरूप ऐसा कोई भी पहल अपने संबोधन में सांसद द्वारा नहीं किया गया। वहीं क्षेत्रीय भाजपा नेता व कार्यकर्ता भी सांसद के समझ इस जनहित से जुड़े इन क्षेत्रीय मुद्दों को रख पाने का साहस नहीं जुटा सके।



More Stories
मुफ्फसिल थानाध्यक्ष का रिश्वत मांगने का ऑडियो वायरल, एसपी ने किया निलंबित, लाइन हाजिर
11 मार्च 2025 को एक दिवसीय नियोजन कैम्प का होगा आयोजन
छपरा शहर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से जलनिकासी के लिये तैयार किये गये समेकित रूर्बन प्लान के विज़न डॉक्यूमेंट का डीएम ने किया विमोचन