राष्ट्रनायक न्यूज।
छपरा/मांझी (सारण)। बिहार राजकीयकृत प्राथमिक शिक्षक संघ के सामान्य परिषद की एक बैठक समान काम, समान वेतन एवं पुरानी पेंशन बहाली को लेकर होनहार किंडरगार्टन नई बाजार छपरा में हुई। अध्यक्षता संघ के राज्याध्यक्ष उदयशंकर गुड्डू ने की। वहीं बैठक का संचालन संघ के महासचिव तसौवर हुसैन ने किया। इस बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में बिहार राज्य अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के संयुक्त मंत्री सुबेश सिंह शामिल रहे। बैठक के प्रारंभ में श्रमिक नेता राजेन्द्र सिंह ने आगत अतिथियों का स्वागत करते हुए अपने संबोधन में कहा कि पेंशन शिक्षक कर्मचारियों की सामाजिक सुरक्षा का साधन है। जिसे कुछ वर्षों पहले की सरकार ने इसे छीनकर उनके साथ घोर अन्याय किया है। वहीं मुख्य अतिथि के रुप में उपस्थित बिहार राज्य अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के संयुक्त महामंत्री सुबेश सिंह ने कहा कि पुरानी पेंशन व्यवस्था शिक्षक कर्मचारियों की रीढ के समान थी। जिसे तत्कालीन अटल सरकार ने छीनकर कर्मचारियों के साथ घोर विश्वासघात किया है। उसी रास्ते पर चलते हुए केंद्र की मौजूदा सरकार पुरानी पेंशन व्यवस्था के बदले नई पेंशन स्कीम लागू कर शिक्षक कर्मचारियों के जीवन को नरक बनाने का काम कर रही है। जबकि राज नेताओ को यह लाभ आजीवन अन्य सारी सुविधाओं के साथ मिल रहा है। जो शिक्षक कर्मियों के हित के प्रतिकूल है। उन्होंने आह्वान किया कि सभी शिक्षक कर्मचारी एकजुट होकर पुरानी पेंशन बहाली हेतु अपने संघर्ष को तेज करें। ताकि सरकार मजबूर होकर शिक्षक कर्मियों की यह वाजिब मांग मानने को मजबूर हो सके। बैठक में बिहार राजकीयकृत प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष जितेंद्र सिंह, प्रदेश सचिव सुनील तिवारी, जिला उपाध्यक्ष संजय सिंह चुन्नू, अजय यादव, संजीव श्रीवास्तव, सुभाष कुमार, विजय सिंह, स्वास्थ्य सेवी मुन्तजिर हुसैन के साथ ही राज्य कार्यकारिणी के सम्मानित सदस्य कैलाश पंडित के अलावा दर्जनों की संख्या में शिक्षक व पदाधिकारी शामिल थे।


More Stories
सारण के सांसद रूडी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की हुई बैठक, विकास योजनाओं पर हुई चर्चा
कार्यपालक सहायकों ने स्थायीकरण की मांग को ले दी चरणबद्ध आंदोलन व अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी
चुनाव आयोग की मनमानी और अलोकतांत्रिक कार्रवाई के विरुद्ध सी पी आई(एम) ने निकाला प्रतिरोध मार्च, डीएम को ज्ञापन सौंपा