- ससुराल वाले फरार, पति ने कर ली है दूसरी शादी, पुलिस जांच में जुटी
राष्ट्रनायक न्यूज।
पानापुर (सारण)। थाना क्षेत्र के धनौती में ससुराल के बंद गेट के सामने एक विवाहिता अपनी दो बेटियों के साथ अपने अधिकार के लिए 12 दिनों से धरना पर बैठी हुई है। ससुराल वाले घर और दालान में ताला मारकर फरार हो गए हैं। न्याय की आस में बैठी विवाहिता अंजली देवी ने बताया कि साल 2015 में हिंदु रीति-रिवाज के साथ धनौती के मोहित तिवारी से हुई थी। उसके बाद दो बेटियां हुईं। मेरे पति दिल्ली में प्राइवेट जॉब करते हैं। पति ने दिल्ली में ही दूसरी शादी कर ली है। अब ना मुझे मेरे पति पूछ रहे हैं और ना ही ससुराल वाले घर में रहने दे रहे हैं। विवाहिता अंजली देवी ने बताया कि पानापुर थाने में मैंने प्राथमिकी दर्ज कराई है। अबतक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। जिसके कारण मैं अपने ही ससुराल में बेबस होकर गेट के बाहर रहने को मजबूर हूं।
ससुराल के गेट के बाहर चुपचाप दिनभर बैठी रहती है महिला:
अंजली देवी अपने ससुराल के गेट के बाहर चुपचाप दिनभर बैठी रहती है। मासूम 6 वर्षीया बेटी माही और 3 वर्षीया बेटी अंशिका दिन में इधर-उधर खेलती हैं। खेलने के बाद जब मन ऊब जाता है तो घर में आराम करना चाहती हैं।
बेटियां रात में कहती हैं अपना घर बंद क्यों है:
दोनों बेटियां पूछती हैं कि मां, अपने घर का ताला क्यों बंद है। चलो ना! अपने घर में सोया जाए। बेटियों की बात सुन पति की बेवफाई का दंश झेल रही अंजली देवी की आंखें डबडबा जाती है। अपने ही ससुराल में बेगाना हुई अंजली देवी और उसकी दोनों बेटियों को गांव वाले मानवता के नाते भोजन करा रहे हैं। जिससे उनका दिन कट रहा है।
प्राथमिकी दर्ज कर मामले की हो रही छानबीन :
थानाध्यक्षथानाध्यक्ष विकास कुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की छानबीन की जा रही है। ससुराल वाले सभी फरार है। पति दिल्ली में ही दूसरी शादी कर ली है।


More Stories
मुख्यमंत्री का अमर्यादित हरकत और शर्मनाक समर्थन
छपरा सदर प्रखंड के महाराजगंज पंचायत भवन में होगा विधिक जागरुकता शिविर का आयोजन
प्रत्येक गुरुवार को जिलाधिकारी उद्यमियों के साथ करेंगे संवाद, उनकी समस्याओं को दूर करने के लिये एवं उद्यम विकास के लिये किया जायेगा सक्रिय सहयोग