◆ मारपीट के दौरान चार युवक गंभीर रूप से हुए घायल, दो रेफर
तरैया (सारण)। थाना क्षेत्र के तरैया बाजार पर मेला देखने आये युवक को पूर्व के विवाद को लेकर मारपीट कर घायल कर देने का मामला प्रकाश में आया है। मारपीट के दौरान घायल चार युवकों का प्राथमिक उपचार रेफरल अस्पताल तरैया में हुआ। घायलों में देवरिया गांव निवासी चन्देश्वर मांझी के पुत्र विकास कुमार मांझी, लोकनाथ मांझी के पुत्र विशाल कुमार, मुरलीपुर के दिलीप चौधरी के पुत्र धनजीत चौधरी व चैनपुर खराटी निवासी ललन तिवारी के पुत्र आशिष तिवारी शामिल है। इस संबंध में घायल विकास कुमार मांझी ने तरैया थाने में एक प्राथमिकी दर्ज कराया है। जिसमें आशिष तिवारी, पप्पू कुमार यादव, रिशु कुमार व राजा साह को आरोपित किया गया है। दर्ज प्राथमिकी में कहा गया है कि विकास, विशाल और धनजीत तरैया मेला घूमने आये हुए थे कि चार आरोपितों समेत 10 अज्ञात युवकों ने नीतेश मेडिकल के सामने रोड पर घेर कर जाति सूचक शब्द का प्रयोग करते हुए मेला जाने से रोकने लगे। विरोध करने पर सभी लोहे के रड व डंडा से प्रहार कर तीनों को गंभीर रूप से घायल कर दिये। मारपीट के दौरान रिशु ने गले से सोने का चैन छीन लिया। बाजार वासियों व मेला देखने वाले लोगों ने घायलावस्था में अस्पताल पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने धनजीत व विकास को गम्भीरवस्था में पटना रेफर कर दिया। वहीं पुलिस ने त्वरित कारवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष मो. शोएब आलम ने बताया कि पूर्व के विवाद को लेकर हुई मारपीट की घटना में आशिष तिवारी व पप्पू कुमार को गिरफ्तार कर सोमवार को छपरा जेल भेज दिया गया है।


More Stories
मुख्यमंत्री का अमर्यादित हरकत और शर्मनाक समर्थन
छपरा सदर प्रखंड के महाराजगंज पंचायत भवन में होगा विधिक जागरुकता शिविर का आयोजन
प्रत्येक गुरुवार को जिलाधिकारी उद्यमियों के साथ करेंगे संवाद, उनकी समस्याओं को दूर करने के लिये एवं उद्यम विकास के लिये किया जायेगा सक्रिय सहयोग