नदी में डूबने से राज मिस्त्री की मौत
राष्ट्रनायक प्रतिनिधि।
इसुआपुर/सारण। थाना क्षेत्र के उसरी कला गांव के रघुनाथ राम के 26 वर्षीय पुत्र संदीप कुमार राम की मौत गुरुवार को नदी में डूबने से हो गई। वे सीमावर्ती मढ़ौरा थाना क्षेत्र के गौरा बाजार के पास माही गेहूंआ नदी में मोटरसाइकिल धोने गए थे। इसी बीच बाल्टी से पानी निकालने के दौरान नदी में उनका पैर फिसल गया। जिससे वे गहरे पानी में डूब गए। स्थानीय लोगों के शोर मचाने पर लोगों ने वहां पहुंचकर डूबे हुए युवक संदीप को खोजना शुरू किया। करीब डेढ़ घंटे बाद उनके शव को पानी से निकाला गया। घटना की सूचना मिलने पर पत्नी लीलावती देवी, पिता व परिजन शव के पास पहुंचे तथा दहाड़े मार कर रोने लगे। उनके रुदन क्रंदन से पूरा माहौल गमगीन हो गया था। जदयू के प्रदेश सचिव शैलेंद्र प्रताप सिंह ने घटना पर अपनी गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। जदयू के प्रखंड अध्यक्ष छविनाथ सिंह, जिला पार्षद गीता सागर राम, भीम सिंह सुधीर राम, मनोज राम, संजय राय, रंजीत राम व अन्य ने भी पहुंचकर शोक संतप्त परिजनों का ढ़ाढ़स बंधाया। साथ ही सीओ मढ़ौरा से संपर्क कर सरकारी मदद की गुहार लगाई। मृतक पांच भाइयों में चौथा छोटा भाई था। जो राजमिस्त्री का काम करता था। स्थानीय गौरा ओपी थाना की पुलिस ने घटनास्थल पहुंचकर लाश को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल छपरा भेज दिया है।


More Stories
मुख्यमंत्री का अमर्यादित हरकत और शर्मनाक समर्थन
छपरा सदर प्रखंड के महाराजगंज पंचायत भवन में होगा विधिक जागरुकता शिविर का आयोजन
प्रत्येक गुरुवार को जिलाधिकारी उद्यमियों के साथ करेंगे संवाद, उनकी समस्याओं को दूर करने के लिये एवं उद्यम विकास के लिये किया जायेगा सक्रिय सहयोग