कुत्ते के बच्चे को लेकर दो पक्षों में मार-पीट, 10 घायल, एक की मौत
मांझी(सारण)। स्थानीय थाना क्षेत्र के रघुनाथ गिरि के मठिया में रविवार की देर शाम कुत्ते के बच्चे को लेकर दो पक्षों के बीच उत्पन्न विवादमें जम कर मारपीट हुई। जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि करीब 10 लोग जख्मी हैं। चिंता-जनक स्थिति में एक व्यक्ति को ईलाज के लिए पीएमसीएच पटना में भर्ती कराया गया है। मृतक 50 वर्षीय मदन गिरि हैं। जबकि हरि गिरि का ईलाज पीएमसीएच में चल रहा है। घटना के सम्बंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार रघुनाथ गिरि के मठिया में कुत्ते के बच्चे को लेकर दो परिवार के बच्चों के बीच मामूली झगड़ा हुआ। एक पक्ष कुत्ते के एक बच्चे उसे पकड़ रखा था। जबकि दूसरे परिवार का बच्चा पाने की जिद पर अड़ा था। जिसको लेकर बड़े-बुजुर्ग उन्हें समझाने के बजाय आपस में उलझ गए। पहले दोनों पक्षों के बीच कहा-सुनी शुरू हुई, उसके बाद देखते हीं देखते लाठी -डंडे, रड आदि चलने लगे। कुछ देर तक घटना-स्थल रण क्षेत्र में बदल गया। लोगों में भगदड़ मच गई। फिर भी कुछ लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए बीच-बचाव कर किसी तरह उन्हें रोका। इस घटना में दो महिला समेत कुल आठ लोग गम्भीर रूप से घायल हो गये। घायलों में 50 वर्षीय मदन गिरी, 50 वर्षीय पवन गिरी, 60 वर्षीय हरिनाथ गिरि, 30 वर्षीय अरविंद गिरी, 69 वर्षीय सुशीला देवी, 32 वर्षीय
राज कुमार गिरि, 65 वर्षीय वकील गिरि, 8 वर्षीय सरिता कुमारी शामिल हैं। जिन्हें स्थानीय लोगों की सहायता से दोनों पक्षों के घायलों को ईलाज के लिए स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। जहां से डाक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद दो लोगों को चिंताजनक स्थिति में छपरा रेफर कर दिया। जिनमें से मदन गिरि ने छपरा जाने के क्रम में रास्ते में हीं दम तोड़ दिया। जबकि हरि गिरि को डाक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच पटना रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष नीरज कुमार मिश्रा दल बल के साथ घटना स्थल पर पहुंच कर मामले की छानबीन में जुट गए। पुलिस ने त्वरित कार्यवाई करते घटना- स्थल से तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। जिनमें वकील गिरी, राजकुमार गिरी तथा अरविंद गिरी शामिल है।
शव पहुचते ही गांव में मचा कोहराम
पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया। सोमवार को शव दरवाजे पर पहुंचते ही मृतक की पत्नी बेटी व छोटे बेटे की चीख-पुकार सेे पूरे गांव का माहौल गमगीन हो गया। मृतक को तीन लड़के तथा दो लड़की है। घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच तवान की स्थिति बनी हुई है। पुलिस कैम्प कर रही है। थानाध्यक्ष ने बताया कि स्थिति नियंत्रण में है।


More Stories
सारण के सांसद रूडी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की हुई बैठक, विकास योजनाओं पर हुई चर्चा
कार्यपालक सहायकों ने स्थायीकरण की मांग को ले दी चरणबद्ध आंदोलन व अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी
चुनाव आयोग की मनमानी और अलोकतांत्रिक कार्रवाई के विरुद्ध सी पी आई(एम) ने निकाला प्रतिरोध मार्च, डीएम को ज्ञापन सौंपा