तरैया में राजद प्रत्याशी सिपाही लाल महतो के समर्थन में तेजस्वी ने की जनसभा
- दातुन के चक्कर में पेड़ नहीं उखाड़ दीजियेगा: तेजस्वी
- अबकी बार चुपे-चाप लालटेन छाप: तेजस्वी
तरैया (सारण)। बिहार में इस बार मेरी सरकार बनने जा रही है एवं मुख्यमंत्री बनते ही कैबिनेट की पहली बैठक में पहला काम मैं यही करूंगा कि बिहार के 10 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दूंगा। शिक्षकों को समान काम के बदले समान वेतन, आंगनबाड़ी सेविकाओं सहायिकाओं, आशा कार्यकर्ताओं, जीविका दीदियों, विकास मित्रों समेत सभी संविदा कर्मियों को स्थायी करते हुए उनका वेतन दुगुना किया जाएगा। उक्त बातें बिहार विधानसभा के प्रतिपक्ष नेता तेजस्वी यादव ने चुनावी सभा को सम्बोधित करते हुए तरैया में वाईडीबीएस कॉलेज परिसर में बुधवार को कही। तेजस्वी यादव तरैया विधानसभा क्षेत्र के राजद प्रत्याशी सिपाही लाल महतो के पक्ष में चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने लोगों को सम्बोधित करते हुए कहा कहा कि तरैया में सिपाही लाल महतो चुनाव नहीं लड़ रहे हैं बल्कि आप यह समझिएगा कि यहां पर तेजस्वी चुनाव लड़ रहे हैं। बागी हुए नेताओं को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि तरैया के भाई लोग दातुन के चक्कर में पेड़ मत उखाड़ दीजियेगा। सारण जिले में राजद सुपर टॉप करने जा रहा है और इसमें आप सभी का सहयोग जरूरी है। इसलिए आप लोग सारी शक्ति एकत्र करके लग जाइए और 3 तारीख के दिन चुपचाप लालटेन छाप का बटन दबाइए। वहीं बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि अब समय पूरा हो चुका है और नीतीश की विदाई आगामी 10 तारीख को तय है। तरैया विधानसभा क्षेत्र के कोने-कोने से आए हुए राजद एवं अन्य सहयोगी दलों के हजारों कार्यकर्ताओं एवं आम जनमानस के विशाल जनसमूह की मौजूदगी में जनसभा का संचालन भाकपा माले के जिला सेक्रेटरी ने किया। वही दरोगा प्रसाद यादव, नारायणपुर मुखिया तारकेश्वर राय, पूर्व व्यापार मंडल अध्यक्ष ललन प्रसाद यादव, रोजादिन, राजद युवा नेता अखिलेश प्रसाद यादव, पूर्व जिला पार्षद गीता सागर राम, अनुज दास समेत कई गणमान्य लोगों ने संबोधित किया। मौके पर राजद नेता मदन राय, सच्चिदानंद राय, भागवतपुर मुखिया मुकेश कुमार यादव, शिवजी राय, विश्वजीत चौहान, हरिलाल महतो, रामयोध्या महतो, अमलेश महतो, हरेंद्र प्रसाद यादव समेत राजद एवं अन्य सहयोगी दलों के दर्जनों गणमान्य लोग मंच पर उपस्थित थे।


More Stories
मुख्यमंत्री का अमर्यादित हरकत और शर्मनाक समर्थन
छपरा सदर प्रखंड के महाराजगंज पंचायत भवन में होगा विधिक जागरुकता शिविर का आयोजन
प्रत्येक गुरुवार को जिलाधिकारी उद्यमियों के साथ करेंगे संवाद, उनकी समस्याओं को दूर करने के लिये एवं उद्यम विकास के लिये किया जायेगा सक्रिय सहयोग