घर बैठे मिलेगी पोषण और प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा से जुड़ी जानकारी
छपरा। बच्चों व गर्भवतियों को कुपोषण से बचाने व समाज को कुपोषण मुक्त बनाने की दिशा में सरकार द्वारा कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। समाज कल्याण विभाग के समेकित बाल विकास सेवाएं (आइसीडीएस) निदेशालय ने आम जनता को पोषण और प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा के बारे में जागरूक करने के लिए एक हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। टॉल फ्री नंबर 18001215725 पर फोन कर पोषण और प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा (ईसीसीई) से जुड़ी जानकारियां घर बैठे प्राप्त किया जा सकता है। पोषण के बारे में जन-जागरूकता के लिए यह टॉल फ्री नंबर जारी किया गया है। इसके माध्यम से हम आम लोगों के बीच आसानी से पहुंच सकते हैं और उन्हें सही जानकारी दी जा सकती।
प्रारंभिक बाल्यावस्था में देखभाल एवं शिक्षा की अवधारणा के बारे
अभी भी आम जनता के बीच बच्चों के पोषण से जुड़ी कई भ्रांतियां व्याप्त हैं। इस पहल से भ्रांतियों को दूर करने में मदद मिलेगी। जन जागरुकता के लिए यह एक अनूठी पहल है। इस निशुल्क हेल्पलाइन नंबर से बच्चों, गर्भवती एवं धातृ माताओं, किशोर-किशोरियों समेत पूरे परिवार के पोषण की जानकारी प्राप्त की जा सकती है। साथ ही इस हेल्पलाइन पर बच्चों के जीवन में शुरुआती वर्षों के महत्व, बच्चों के मस्तिष्क विकास की प्रकिया एवं प्रभावित करने वाले कारकों, प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा की अवधारणा एवं महत्व और 3-6 वर्ष के आयु के बच्चों की वृद्धि एवं विकास से जुड़ी हर जानकारी भी उपलब्ध है।आइसीडीएस की जिला प्रोग्राम पदाधिकारी वंदना पांडेय ने बताया कि टॉल फ्री नंबर के साथ ही स्तनपान और बच्चों के पूरक आहार को लेकर वॉइस ब्रॉडकास्ट की भी शुरुआत की गई है। इसके माध्यम से लोगों के मोबाइल पर बच्चों के पोषण से जुड़े संदेश भेजे जा रहे हैं। वॉइस ब्रॉडकास्ट में यह अपील की जा रही है कि शिशु को जन्म के तुरंत बाद मां का गाढ़ा -पीला दूध दें। जन्म से छह माह तक सिर्फ मां का दूध दें एवं छह माह की आयु पूरी होने के बाद बच्चे को मां के दूध के साथ ऊपरी आहार (मसला हुआ भोजन) दें। भोजन में अनाज, फल, सब्जी, अंडा एवं मांस-मछली इत्यादि शामिल करें।


More Stories
मुख्यमंत्री का अमर्यादित हरकत और शर्मनाक समर्थन
छपरा सदर प्रखंड के महाराजगंज पंचायत भवन में होगा विधिक जागरुकता शिविर का आयोजन
प्रत्येक गुरुवार को जिलाधिकारी उद्यमियों के साथ करेंगे संवाद, उनकी समस्याओं को दूर करने के लिये एवं उद्यम विकास के लिये किया जायेगा सक्रिय सहयोग