सिविल सर्जन ने अस्पताल का किया निरीक्षण, अनुपस्थित मिले दो दर्जन चिकित्सक व कर्मी
छपरा(सारण)। जिले के कई प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, रेफरल अस्पतालों तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण गुरुवार को सिविल सर्जन डॉ. माधवेश्वर झा ने किया। निरीक्षण के दौरान करीब दो दर्जन चिकित्साकर्मियों को ड्यूटी से अनुपस्थित पाया गया। इसकी जानकारी देते हुए सिविल सर्जन ने बताया कि अनुपस्थित पाए गए चिकित्साकर्मियों को 24 घंटे के अंदर स्पष्टीकरण का जवाब देने का आदेश दिया गया है। उनके वेतन पर अगले आदेश तक रोक लगा दिया गया है। सिविल सर्जन के निरीक्षण के दौरान जिला स्वास्थ्य कार्यक्रम प्रबंधक अरविद कुमार भीम भी मौजूद थे। जानकारी के अनुसार, सिविल सर्जन डॉ. माधवेश्वर झा ने नयागांव, दिघवारा, दरियापुर, सोनपुर समेत अन्य प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण किया। सोनपुर में तीन लिपिक, तीन ग्रेड ए नर्स, दो अन्य चिकित्साकर्मी अनुपस्थित पाए गए। सिविल सर्जन ने बताया कि सोनपुर में डॉक्टर ब्रजकिशोर यादव, डॉक्टर आलोक राज, डॉ अनुभव, डॉक्टर जेएस समीरा, डॉक्टर संतोष कुमार तथा ग्रेड ए नर्स वीर बाला, बबीता कुमारी, रंजना कुमारी, एक्स-रे तकनीशियन शिवांगी भारती, लिपिक बृज किशोर शर्मा, राजीव कुमार तथा सरोज कुमार वर्मा को ड्यूटी से अनुपस्थित थे। इसके अलावा दिघवारा, नयागांव तथा दरियापुर में भी कई चिकित्सा कर्मी अनुपस्थित पाए गए। उन्होंने बताया कि कर्तव्य से अनुपस्थित पाए गए चिकित्साकर्मियों के स्पष्टीकरण का जवाब संतोषजनक नहीं होने पर उनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जाएगी तथा कार्रवाई के लिए सरकार को लिखा जाएगा। इस दौरान उन्होंने ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सकों तथा कर्मचारियों को अस्पताल की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने का निर्देश दिया। सोनपुर में मरीजों के उपचार में लापरवाही की शिकायतों पर चिकित्साकर्मियों को कड़ी फटकार लगाई। वहीं दरियापुर में अस्पताल की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने का निर्देश दिया। साथ ही बायोमेडिकल वेस्ट के समुचित प्रबंधन करने को कहा। अस्पतालों में बेड पर चादर लगाने तथा दवाओं की सूची अपडेट करने का भी निर्देश दिया।


More Stories
मुख्यमंत्री का अमर्यादित हरकत और शर्मनाक समर्थन
छपरा सदर प्रखंड के महाराजगंज पंचायत भवन में होगा विधिक जागरुकता शिविर का आयोजन
प्रत्येक गुरुवार को जिलाधिकारी उद्यमियों के साथ करेंगे संवाद, उनकी समस्याओं को दूर करने के लिये एवं उद्यम विकास के लिये किया जायेगा सक्रिय सहयोग