हादसे को दावत दे रही मांझी के राजापुर की क्षतिग्रस्त नहर पुलिया
- मरम्मत कराने की ग्रामीणों व वाहन चालकों ने मांग की
- कभी भी हो सकता है कोई बड़ा हादसा
के के सिंह सेंगर की रिर्पोट। राष्ट्रनायक प्रतिनिधि।
एकमा (सारण)। क्षेत्र में मांझी-बरौली सड़क मार्ग पर एनएच 531 को पार कर राजापुर गांव से होकर मांझी तक जाने वाले सड़क मार्ग से होकर अगर आप गुजर रहे हैं तो आपको सावधान रहने की आवश्यकता है। क्योंकि इस सड़क पर राजापुर के टोला के समीप स्थित नहर की पुलिया क्षतिग्रस्त होकर हर वक्त हादसे को दावत दे रही है। यह सड़क राजापुर के टोला से आगे जाकर भरहोपुर गांव के नजदीक एकमा-ताजपुर-डुमाईगढ़ सड़क को भी क्रॉस करके नवतन गांव के समीप एकमा-मांझी रोड से जुड़ती है।वहीं इस पुलिया के क्षतिग्रस्त होने से वाहनों का आवागमन काफी मुश्किल हो रहा है। बावजूद इसके संबंधित गंडक नहर विभाग के अधिकारी सहित जनप्रतिनिधि भी मरम्मत कराने के प्रति उदासीन बने हुए है।इस मार्ग पर राजापुर के टोला के समीप स्थित नहर पर बनी हुई पक्की पुलिया का आधा हिस्सा करीब छह माह पहले से क्षतिग्रस्त है। इससे एक तरफ जहां चारपहिया वाहन सवारों से लेकर दोपहिया वाहन चालकों को भी आवागमन में भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।इस बीच सड़क पर स्थित इस क्षतिग्रस्त नहर पुलिया से होकर वाहनों के आने-जाने के समय दुर्घटना की आशंका बनी हुई रहती है। शिक्षक उपेंद्र यादव, उमेश कुमार सहित स्थानीय नागरिकों का कहना है कि क्षतिग्रस्त पुलिया की मरम्मत की ओर किसी भी जिम्मेदार के द्वारा कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। जबकि उक्त मार्ग पर सैकड़ों वाहनों का आवागमन लगा रहता है। भरहोपुर गांव निवासी रविन्द्र सिंह, पिंटू सिंह, महेश्वर दूबे, लालपुर निवासी अजय मिश्र, भोलू कुशवाहा, खानपुर गांव निवासी अजय तिवारी व जितेंद्र मिश्र, पचरूखिया के नीरज सिंह, गौसपुर गांव के प्रदीप सिंह आदि क्षेत्रीय नागरिकों व वाहन चालकों ने विभागीय उच्चाधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराते हुए पुलिया की मरम्मत की मांग की है।


More Stories
मुख्यमंत्री का अमर्यादित हरकत और शर्मनाक समर्थन
छपरा सदर प्रखंड के महाराजगंज पंचायत भवन में होगा विधिक जागरुकता शिविर का आयोजन
प्रत्येक गुरुवार को जिलाधिकारी उद्यमियों के साथ करेंगे संवाद, उनकी समस्याओं को दूर करने के लिये एवं उद्यम विकास के लिये किया जायेगा सक्रिय सहयोग