छपरा में फिल्मी स्टाइल में सौतेले भाई ने की युवक की हत्या
- हत्या करने के पहले खरीदा था धारदार दाब
- हत्या के बाद परिजनों को बड़े भाई पर थी शक
- चलेगा स्पीडी ट्रायल , मोबाइल के कॉल डिटेल से हुआ खुलासा
राष्ट्रनायक प्रतिनिधि।
छपरा (सारण)। जिले के मकेर थाना क्षेत्र के चकिया गांव में युवक की हत्या 16 नवंबर की रात में फिल्मी स्टाइल में उसी के सौतेले भाई ने की थी। हत्या के पहले वह सिवान में था। सिवान से आने के पहले उसने धारदार दाब खरीदा और रात में घर तब पहुंचा, जब सभी लोग सो गए थे। हत्या करने के बाद फिर वहां से गायब हो गया। जाते समय रास्ते में सोनहो चौक के पास धारदार हथियार और मृतक की मोबाइल झाड़ी में फेंक दिया। वहां से सिवान जाने के बजाए आस-पास में ही रुका रहा। 17 नवंबर की सुबह में वीरेंद्र राम की हत्या की खबर परिजनों के द्वारा उसके मोबाइल पर दी गई, जिसके बाद वह इस तरह गांव पहुंचा जैसे वह पहले से कुछ जानता नहीं था और परिजनों के साथ रोने धोने का नाटक करने लगा। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी। परिस्थिति जन्य साक्ष्य के आधार पर पुलिस को उसी समय यह आशंका हो गई कि वीरेंद्र राम की हत्या प्रेम प्रसंग में की गई है और हत्या करने वाला कोई बाहरी नहीं है, बल्कि परिवार का ही कोई सदस्य है। पुलिस ने इसको जांच का बनाया और जांच शुरू कर दी । विभिन्न पहलुओं पर जांच के दौरान यह तथ्य उभरकर सामने आया कि वीरेंद्र राम और जगमोहन राम दोनों सौतेले भाई हैं। जगमोहन राम के बाहर रहने के कारण उसकी पत्नी सोना देवी के साथ वीरेंद्र राम के अवैध संबंध थे, जिसकी जानकारी जगमोहन को हो गई थी और मना करने के बावजूद दोनों अपना संबंध कायम रखे थे, जिससे क्षुब्ध होकर जगमोहन ने योजना बनाई और और अपने भाई की हत्या कर दी।
चलेगा स्पीडी ट्रायल
वीरेंद्र राम की हत्या के मामले में स्पीडी ट्रायल कराया जायेगा। एसपी धुरत सायली सावलाराम ने बताया कि हत्या के इस मामले में पर्याप्त साक्ष्य मिले हैं और हत्या के आरोपी को सजा दिलाने तथा त्वरित न्याय के लिए इस मामले में स्पीडी ट्रायल कराने का प्रस्ताव देने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने बताया कि इस मामले का खुलासा करने में पुलिस टीम में शामिल मकेर थानाध्यक्ष शिव अमित प्रकाश कौशिक, पुलिस अवर निरीक्षक संजय कुमार भारती, अंसार अहमद सिद्दीकी तथा अन्य पुलिस बलों का योगदान महत्वपूर्ण रहा है। उन्होंने पुलिस टीम के कार्यों की सराहना की और कहा कि इन्हें प्रशस्ति पत्र दिया जाएगा।


More Stories
मुख्यमंत्री का अमर्यादित हरकत और शर्मनाक समर्थन
छपरा सदर प्रखंड के महाराजगंज पंचायत भवन में होगा विधिक जागरुकता शिविर का आयोजन
प्रत्येक गुरुवार को जिलाधिकारी उद्यमियों के साथ करेंगे संवाद, उनकी समस्याओं को दूर करने के लिये एवं उद्यम विकास के लिये किया जायेगा सक्रिय सहयोग